RAIPUR. प्रदेश में ठंड अपने तेवर पर है वहीं अब मौसम ने अपने तेवर बदलते हुए आसमान में बादल घिर आए है। वहीं अब लग रहा है कि ठंड के साथ बारिश भी हो सकती है। पूरा देश जहां वर्ष 2024 में स्वागत को तैयार है वहीं मौसम भी साल का स्वागत बारिश करने वाला है। मौसम विभाग के मुताबिक बादलों के चलते बारिश के आसार बन रहे है। साल के पहले या दूसरे दिन बारिश होने की संभावना है।
प्रदेश के पांचों संभाग में मौसम ने अपने तेवर बदल दिए है। ठंड के बीच बादलों में सूरज छिपकर धूप-छांव का खेल खेल रहा है। खास कर सरगुजा संभाग में बारिश होने के साथ तेज कड़ाके की ठंड का अहसास होने की संभावना जताई जा रही है। वहीं रायपुर, बिलासपुर, दुर्ग व बस्तर संभाग में भी हल्की बारिश होने के आसार है। जिससे ठंड व बारिश से मौसम अजीब सा हो जाएगा। ठंड के साथ बारिश से लोगों को परेशानी का सामना भी करना पड़ सकता है।
प्रदेश भर में छाए है बादल
रविवार को सुबह से ही रायपुर, बिलासपुर, अंबिकापुर, सरगुजा सहित अलग-अलग इलाकों में बादल छाए है। हवा में नमी के कारण तापमान में वृद्धि हो रही है आने वाले समय में भी न्यूनतम तापमान में वृद्धि होगी। वहीं कोहरा सुबह व शाम के समय अधिक देखने को मिल रहा है।
पश्चिम विक्षोभ का हो रहा है असर
मौसम विभाग ने इस मौसम में बदलाव के लिए पश्चिमी विक्षोभ को कारण माना है। पश्चिमी विक्षोभ उत्तर पाकिस्तान में 62 डिग्री पूर्व और 28 डिग्री उत्तर में 3.1 किलोमीटर ऊंचाई पर स्थित है। इसका अक्ष मध्य क्षोभ मंडल तक है। इसके प्रभाव से एक प्रेरित ऊपरी हवा का चक्रीय चक्रवर्ती परिसंचरण पश्चिमी राजस्थान के ऊपर 1.5 किलोमीटर ऊंचाई तक विस्तारित है। प्रदेश में पूर्व से अपेक्षाकृत गर्म और नमी युक्त हवा के आगमन से न्यूनतम तापमान में वृद्धि होने की संभावना है।
प्रमुख शहरों के तापमान
रायपुर का न्यूनतम तापमान 16.2 डिग्री है। माना 14.2 डिग्री, बिलासपुर 15 डिग्री, अंबिकापुर 9.4 डिग्री, पेंड्रा 11.8 डिग्री, जगदलपुर 12.6 डिग्री, दुर्ग 13.8 डिग्री व राजनांदगांव 13.3 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया।