DURG. साजा विधानसभा इस समय पूरे प्रदेश के चर्चा का विषय बनी हुई है। बीजेपी ने ईश्वर साहू को टिकट देकर राजनीतिक पारा बढ़ा दिया है। इसी बीच एक और ईश्वर ताल ठोकने की तैयारी करते दिख रहे हैं। अगर इस विधान सभा में दूसरे ईश्वर उतरते हैं तो दोनों प्रमुख दलों का समीकरण डगमगा सकता है।
साजा क्षेत्र में बीते रोज जोगी कांग्रेस ने कार्यकर्ता सम्मेलन का आयोजन किया। इसमें हजारों की संख्या में कार्यकर्ता पहुंचे। सम्मेलन में कार्यकर्ताओं को चुनाव में जीत के लिए योजनाएं बनाने से जीत का मंत्र तैयार करने प्रोत्साहित किया गया। कार्यक्रम में अमित जोगी के प्रतिनिधि के रूप में दुर्ग संभाग अध्यक्ष ईश्वर उपाध्याय शामिल हुए। कयास लगाए जा रहे हैं कि ईश्वर उपाध्याय को जोगी कांग्रेस साजा से प्रत्याशी बना सकती है। यदि ऐसा होता है तो कांग्रेस और भाजपा दोनों दलों को नुकसान हो सकता है। पहले तो ईश्वर नाम के दो प्रत्याशी हो जाएंगे। इससे बीजेपी के ईश्वर साहू को नुकसान हो सकता है। दूसरा कांग्रेस से मौजूदा कैबिनेट मंत्री रविन्द्र चौबे के सामने महराज Vs महाराज की चुनौती भी खड़ी हो जाएगी।
ईश्वर उपाध्याय ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा हम सभी केवल विधानसभा क्षेत्र के निवासी या कार्यकर्ता नहीं हैं। हम सभी जोगी परिवार के अहम सदस्य हैं। इसी कारण आप सभी के बीच अपने परिवार में आया हूं। उन्होंने अमित जोगी के 10 कदम गरीबी खत्म का नारा देते हुए चुनावी मैदान में उतरने की घोषणा की। इसके बाद डोमन देशलहरे, संजु धृतलहरे, संजय गुरूपंच सहित वरिष्ठ सदस्यों ने कार्यकर्ताओं को संबोधित किया।
कांग्रेस-बीजेपी पर साधा निशाना
कांग्रेस-बीजेपी पर निशाना साधते हुए उन्हें जनता से छल करने वाला बताया। साथ ही यह भी कहा कि ये दोनों ही पार्टियों का फैसला दिल्ली में होता है। जोगी कांग्रेस छत्तीसगढ़ियां पार्टी है इनका फैसला जनता के बीच होता है।
गमछा पहनाकर स्वागत
कार्यकर्ता सम्मेलन में सभी कार्यकर्ताओं का हल चलाता किसान वाले गमछा पहनाकर स्वागत किया गया। कार्यक्रम में छबीलाल वर्मा, ठाकुरदास चतुर्वेदी, फेरहा टंडन, मूलचंद चतुर्वेदी, मुकेश निर्मल, अखिलेश नेताम, शेखर देशलहरा, सोनू निर्मल, तामेश्वर सिन्हा, गोकुल पटेल, शिव पटेल, मन्नू पटेल, सोनू सिंह, गज्जू सिंह, बब्बू वैष्णव, छोटेलाल, सुखरतन साहू, भारत यादव, संजय पटेल, प्रमिला सेन, ललित साहू, गोमतीबाई, कमला, सोनिया सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।