BILASPUR-DURG. छत्तीसगढ़ में होने जा रहे विधानसभा चुनाव को लेकर मुख्य विपक्षी दल बीजेपी ने भी कमर कस ली है। गुरुवार को बीजेपी के प्रत्याशी अलग-अलग जिलों में एकसाथ नामांकन दाखिल करेंगे। दुर्ग जिले में प्रत्याशी गाजे-बाजे के साथ शक्ति प्रदर्शन करते हुए नामांकन दाखिल करेंगे। बिलासपुर के प्रत्याशी अमर अग्रवाल व बिल्हा सीट के प्रत्याशी धरमलाल कौशिक ने संयुक्त रूप से आज एक प्रेसवार्ता की। प्रेसवार्ता के दौरान प्रत्याशियों ने कल संयुक्त रूप से नामांकन दाखिल करने और एक विशाल रैली आयोजित करने की बात कही है।

बिल्हा प्रत्याशी धरमलाल कौशिक ने पत्रकारों से चर्चा करते हुए कहा कि कल जिले के सभी 6 विधानसभा क्षेत्र के प्रत्याशी एक साथ नामांकन दाखिल करेंगे और इस बीच रैली के दौरान असम के मुख्यमंत्री हेमंत विश्वशर्मा का संबोधन भी होगा ।
जानकारों की मानें तो बीजेपी एकसाथ नामांकन रैली से कहीं ना कहीं एकजुटता का संदेश देना चाहती है । अपको बता दें कि जिले के बेलतरा विधानसभा क्षेत्र से सुशांत शुक्ला के रूप में आज ही बीजेपी का टिकट फाइनल हुआ है । अब सत्तारूढ़ कांग्रेस और मुख्य विपक्षी दल बीजेपी के बीच सभी सीटों पर प्रत्याशियों का ऐलान हो चुका है । अब दोनों ही पार्टी यह चाहेगी कि टिकट वितरण को लेकर फैले असंतोष को एकजुटता का संदेश देकर डाइल्यूट किया जाय, ताकि मतदाताओं के बीच खराब सन्देश ना जाए।
छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनाव के लिए नामांकन की प्रक्रिया जारी है। इसी कड़ी में बिलासपुर जिले के महत्वपूर्ण विधानसभा सीट बिल्हा से भाजपा प्रत्याशी धरमलाल कौशिक ने आज एक बार नामांकन दाखिल कर दिया है। धरमलाल कौशिक पांचवीं बार बिल्हा से चुनावी मैदान में है। 2018 में भी धरमलाल कौशिक बिल्हा से विधायक चुनकर आए थे।
अब नामांकन दाखिल करने के बाद एक बार फिर वे बिल्हा के चुनावी रण में उतर चुके हैं। उनका कहना है, वे राज्य सरकार के वादाखिलाफी और स्थानीय विकास के मुद्दे को लेकर जनता के बीच जाएंगे और जनता से समर्थन हासिल करेंगे। उन्हें उम्मीद है क्षेत्र में किए कार्यों के बूते जनता फिर से उन्हें अपना विधायक चुनेगी।




































