RAIPUR. छत्तीसगढ़ में धान खरीदी के लिए पंजीयन शुरू कर दिया गया जिसके लिए किसान 31 अक्टूबर तक का समय दिया गया है।
धान खरीदी पंजीयन में इस बार नई व्यवस्था के साथ बायोमेट्रिक आधार पर ही पंजीयन व धान की खरीदी करने के निर्देश है। वही किसानों को धान खरीदी में एक नया विकल्प भी मिला है जिसमें वे नामिनी रख सकते है।
अपने लिए रखे गए नामिनी मंडियों में किसानों की अनुपस्थिति में उनके धान की बिक्री कर सकेंगे। इसके तहत किसान अधिकतम पांच नामिनी रख सकते है। इसमें उनकी माता, पिता, पति, पत्नी, पुत्र, दामाद, बेटी, बहू, सगे भाई, बहन व अन्य करीबी रिश्तेदार शामिल हो सकते हैं। इनके अलावा किसान किसी अन्य को नामिनी के रूप में नही रख सकते। धान खरीदी में बिचौलियों से बचने और धान की खरीदी बिक्री में आ रही धांधली को देखते हुए यह व्यवस्था लाई गई है।
आधार कार्ड जरूरी
किसान नामिनी के तौर पर जिसे भी चुनेगा उसके पास उनका आधार कार्ड देना अनिवार्य किया गया है। वहीं, कृषि उपज मंडी में धान खरीदी से पहले उनका बायोमैट्रिक आथेंटिकेशन भी किया जाएगा। इस प्रक्रिया के बाद ही नामिनी धान बेच सकता है।
पंजीयन हेतु जरूरी दस्तावेज
– ऋण पुस्तिका
– बी-1
– आधार नंबर
– पासबुक की छायाप्रति
इन दस्तावेजों को जमा करने के बाद ही किसान धान बिक्री कर सकेगा। दस्तावेजों के परीक्षण व सत्यापन के बाद सहकारी समिति द्वारा एकीकृत किसान पोर्टल में किसानों का पंजीयन किया जाएगा। पंजीयन के लिए 30 सितंबर तक आवेदन पत्र जमा करना होगा। नए पंजीयन व पंजीकृत फसल या रकबे में संशोधन के काम के लिए 31 अक्टूबर तक का समय दिया गया है।