JAGDAPUR. बस्तर संभाग में स्वसहायता समूह की महिलाओं द्वारा नेशनल हाईवे 30 में उग्र प्रदर्शन किया गया। इन महिलाओं का आरोप है कि पिछले दो सालों से आंगनबाड़ी में रेडी टू ईट को सरकार ने बंद कर दिया है। इसके चलते बस्तर की स्वसहायता समूह की महिलाओं का रोजगार छीन गया है।
इन महिलाओं ने मुख्यमंत्री के नाम बस्तर कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा है। नाराज महिलाओं ने भूपेश सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और कृषि मंडी में धरना प्रदर्शन किया।
महिलाओं द्वारा रैली निकाली गई जो कुम्हडाकोट पहुंची। यहां पहुंचकर महिलाओं ने अपनी मांगों को लेकर नेशनल हाइवे 30 को जाम कर दिया। प्रदर्शन की वजह से सड़क पर कई घंटों तक जाम लगा रहा। प्रदेश सचिव, स्व सहायता समूह संघ की प्रदेश सचिव भाधुरी साहू ने बताया कि रेडी टू ईट बंद होने से महिलाएं और उनका पूरा परिवार बेरोजगार हो गया है। इस वजह से आज महिलाएं सड़क पर उतरकर प्रदर्शन कर रहीं हैं।
उग्र आंदोलन की चेतावनी
स्वसहायता समूह की महिलाएं बघेल सरकार से नाराज हैं। उन्होंने नेशनल हाईवे जाम के बाद मुख्यमंत्री के नाम बस्तर कलेक्टर को ज्ञापन दिया है। इन महिलाओं ने मांग पूरी न होने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी दी है।