KAWARDHA. छत्तीसगढ़ में स्वास्थ्य कर्मचारी आंदोलन पर बैठे है जिनके खिलाफ कार्रवाई जारी है। आंदोलन के चलते कवर्धा जिले के 161 स्वास्थ कर्मचारियों को बर्खास्त कर दिया गया है।
जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ महेश सूर्यवंशी द्वारा आदेश जारी किया गया है। आपको बता दें, बीते 21 अगस्त से कर्मचारी अनिश्चितकालीन हड़ताल पर थे। MCB जिले में भी 10 स्टॉफ नर्स निलंबित की गई हैं।
सयुंक्त संचालक स्वास्थ्य सेवाएं संभाग सरगुजा द्वारा यह आदेश जारी किया है। वही इससे पहले जिले में ग्रामीण स्वास्थ्य संयोजक महिला /पुरुष को CMHO ने निलंबित किया था।
पिछले दिनों कांकेर जिला प्रशासन ने भी हड़ताल पर गए स्वास्थ्य कर्मचारियों पर कार्रवाई की थी। कलेक्टर ने 568 हड़ताली स्वास्थ्य कर्मचारियों को बर्खास्त किया था। हड़ताल के चलते स्वास्थ्य सेवाएं बाधित हो रही हैं जिस वजह से प्रशासन को ऐसे सख्त कदम उठाने पड़ रहे हैं।
दूसरी ओर बलौदा बाजार में स्वास्थ्य कर्मचारियों पर कार्रवाई की गई है। जिला कलेक्टर ने 265 तृतीय श्रेणी के कर्मचारियों को निलंबित किया है। इसके अलावा 100 अन्य कर्मचारी अधिकारियों के लिए अनुशंसा पत्र शासन को प्रेषित किया गया है। इस कार्रवाई के बाद से अधिकारी कर्मचारियों में हड़कंप मच गया है।
आपको बता दें कि प्रदेश भर के स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी-कर्मचारी अपनी मांगों को लेकर हड़ताल पर है।अलग-अलग जिलों में प्रदर्शन किया जा रहा है। इस हड़ताल के चलते स्वास्थ्य सेवाएं बाधित हो रही है और मरीजों को भी परेशानी हो रही है।