DURG. आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर भाजपा द्वारा प्रत्याशी चयन पर प्रदेश के अलग–अलग विधानसभा क्षेत्रों में पर्यवेक्षक भेजे जा रहा है। इसके तहत दुर्ग शहर, दुर्ग ग्रामीण और अहिवारा विधानसभा के लिए भी शनिवार को पर्यवेक्षक भेजे गए।
सबसे पहले दोपहर 12 बजे दुर्ग जिला भाजपा कार्यालय में दुर्ग शहर विधानसभा के पर्यवेक्षक 20 सूत्रीय क्रियान्वयन समिति के पूर्व अध्यक्ष खूबचंद पारख ने दुर्ग विधानसभा के प्रमुख पदाधिकारियों से सामूहिक चर्चा की। इस दौरान उन्होंने पदाधिकारियों को बताया कि पार्टी ने पहले ही 21 प्रत्याशियों का चयन कर लिया है। इसके अलावा शेष विधानसभा सीटों के लिए पार्टी पदाधिकारियों के मन की बात जानने के लिए वह आए हैं।
इसके बाद दुर्ग ग्रामीण विधानसभा के पर्यवेक्षक पूर्व सांसद चंदूलाल साहू ने दुर्ग ग्रामीण विधानसभा के पदाधिकारी से चर्चा की। चंदूलाल साहू ने कहा कि प्रत्याशी चयन की प्रक्रिया में वे सभी कार्यकर्ताओं से खुलकर बात करेंगे। पार्टी द्वारा जिस कार्यकर्ता के नाम पर मुहर लगाया जाएगा उस कार्यकर्ता को संगठन के बूथ स्तर से लेकर राष्ट्रीय स्तर के नेता को स्वीकार करना होता है।
वही शाम को अहिवारा विधानसभा के पर्यवेक्षक पूर्व सांसद पूर्व मंत्री चंद्रशेखर ने अहिवारा विधानसभा के कार्यकर्ताओं से कहा कि पार्टी को कार्यकर्ताओं ने अपने खून पसीने से सींचा है। पार्टी हर उत्कृष्ट कार्यकर्ता पर नजर रखती है। हर एक कार्यकर्ता के मन में राजनीति में आगे बढ़ाने की चाह होती ही हैजो स्वाभाविक भी है। आगामी चुनाव पर चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि इस बार एकजुट होकर भ्रष्ट घोटालेबाज कांग्रेस को सत्ता से बाहर करना है।bपार्टी जिसे भी प्रत्याशी के रूप में चुनेगी दे उसे जीतना हम सबकी जिम्मेदारी है।
जिला भाजपा अध्यक्ष जितेंद्र वर्मा ने कार्यक्रम की अध्यक्षता के दौरान कहा कि एक ईमानदार कार्यकर्ता केवल पार्टी की जीत चाहता है। प्रत्याशी चयन के बाद उसका विरोध या घोषित प्रत्याशी को लेकर टिप्पणी करना पार्टी को धोखा देने के बराबर है।
नेताओं से विचार विमर्श हेतु पार्टी की ओर से प्रत्याशी चयन के लिए पर्यवेक्षक के रूप में भाजपा राष्ट्रीय पदाधिकारी, राष्ट्रीय कार्यसमिति सदस्य, भाजपा प्रदेश पदाधिकारी, भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य, विधायक एवं पूर्व महापौर, नगर पालिका अध्यक्ष, विधानसभा संयोजक एवं सहसंयोजक, नगर निगम नेता प्रतिपक्ष, विधानसभा विस्तारक, संभाग प्रभारी, जिला प्रभारी, विधानसभा प्रभारी, जिला भाजपा पदाधिकारी, मंडल भाजपा अध्यक्ष, मोर्चा के जिला अध्यक्ष, मोर्चा के प्रदेश पदाधिकारी, प्रकोष्ठों के प्रदेश संयोजक एवं सहसंयोजक, सांसद एवं पूर्व सांसद, पूर्व मंडल भाजपा अध्यक्ष एवं वरिष्ठ कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारी सौंपी गई थी।
आयोजन में विधानसभा दुर्ग संयोजक कांतिलाल बोथरा, दुर्ग ग्रामीण विधानसभा संयोजक जागेश्वर साहू अहिवारा विधानसभा संयोजक रविशंकर सिंह, जिला महामंत्री सुरेंद्र कौशिक, ललित चंद्राकर सहित सभी जिला पदाधिकारी उपस्थित रहे।