AHEMDABAD. आमतौर पर लोग दूसरे की कब्रों के पास जाने में डरते हैं। मगर, अहमदाबाद में देश का एक अजीबो-गरीब रेस्टोरेंट हैं, जहां लोग कब्रों के बगल में बैठकर चाय की चुस्कियां लेते हैं। वह भी बिना डरे। यह रेस्टोरेंट करीब 72 साल पुराना है और इसके बनने की दस्तान भी अजीबो-गरीब है।
ट्रैवल और फूड व्लॉगिंग अकाउंट @hungrycruisers ने लकी टी स्टॉल का एक वीडियो शेयर किया है। इसका टाइटल उन्होंने दिया है- मोस्ट अनयूजवल रेस्टोरेंट इन इंडिया, डाइन विथ डेड (भारत में सबसे असामान्य रेस्तरां, मुर्दों के साथ खाइए)। मजेदार बात यह है कि इस वीडियो को हजारों लोगों ने लाइक किया है।
इस वीडियो के साथ इसी प्लेटफॉर्म पर इस टी-स्टॉल की कहानी के बारे में भी बताया गया है। यह अहमदाबाद के लाल दरवाजा में बना हुआ है।
इसके कैप्शन में लिखे डिस्क्रिप्शन में बताया गया है कि रेस्तरां के मालिक कृष्णन कुट्टी ने अहमदाबाद में ये जमीन खरीदी थी। मगर, उस वक्त उन्हें नहीं पता था कि यह एक कब्रिस्तान था। हालांकि, जब उन्हें बाद में यह पता चला, तो भी उन्होंने अपने प्लान को चेंज नहीं किया।
समस्या थी कि कब्रों का क्या किया जाएगा। कृष्णन कुट्टी ने मृतकों को सम्मान देने का फैसला किया और कब्रों के चारों ओर लोहे की सलाखें लगाकर उन्हें सुरक्षित कर दिया। बाकी जगह में कब्रों के चारों ओर बैठने की जगह बना दी। यह बहुत ही अनोखा और विचित्र किस्म का आईडिया था, लेकिन यह काम कर गया।
अब इस टी-स्टॉल के बारे में सुनकर दूर-दूर से लोग आते हैं। यह जगह धीरे-धीरे शहर में घूमने की सबसे पसंदीदा जगहों में से एक बन गई। यहां रोजाना सुबह कर्मचारी सभी कब्रों को साफ करके ताजे फूलों चढ़ाते हैं। इसके बाद चाय पीने और नाश्ता करने वालों की आवाजाही शुरू हो जाती है।