RAIPUR. छत्तीसगढ़ में होने वाले चुनाव से पहले सरकार जनता को खुश करने के लिए नए-नए स्कीम ला रही है। इसी क्रम में अब राज्य सरकार ने मुख्यमंत्री मितान योजना का दायरा बढ़ा दिया है। आज सीएम भूपेश बघेल ने घोषणा करते हुए कहा कि मितान योजना अब नगर निगमों में संचालित होने के साथ ही नगर पालिकाओं में भी संचालित होंगी। अब ये योजना 14 नगर निगमों के अलावा 44 नगर पालिकाओं में भी लागू होगी। इससे जनता अपनी सभी जरूरी दस्तावेज टोल फ्री नंबर 14545 पर डायल करने पर घर बैठे ही मिल जाएंगे। बता दें कि प्रदेश में इस मुख्यमंत्री मितान योजना की शुरुआत एक मई 2022 को मजदूर दिवस के दिन से हुई। शुरुआत में इसको प्रदेश के सभी 14 नगर निगम क्षेत्रों तक ही सीमित रखा गया था, लेकिन अब दायरा बढ़ा दिया गया है।

सीएम का सोशल मीडिया पर ट्वीट
सीएम भूपेश ने सोशल मीडिया पर लिखा कि बढ़ा दायरा…आप सबके समक्ष घोषणा करना चाहता हूं कि अभी तक 14 नगर निगमों में संचालित मुख्यमंत्री मितान योजन अब प्रदेश की सभी 44 नगर पालिकाओं में भी लागू की जाएगी। अब घर बैठे सरकारी दस्तावेज पाने का लाभ अधिक लोग ले पाएंगे। कॉल करें 14545 और घर बुलाएं मितान।
ये दस्तावेज घर बैठे मिल सकेंगे
मुख्यमंत्री मितान योजना से मूल निवासी प्रमाण पत्र, अनुसूचित जाति जनजाति प्रमाण पत्र, अन्य पिछड़ा वर्ग प्रमाण पत्र, आय प्रमाण पत्र, भूमि की रिकार्ड की नकल, भूमि सूचना (भूमि उपयोग) मृत्यु प्रमाण पत्र, विवाह पंजीकरण, पैन कार्ड और प्रमाण पत्र, जन्म प्रमाण पत्र, जन्म प्रमाण पत्र सुधार और दुकान और स्थापना पंजीकरण संबंधी दस्तावेज मितान सेवा से प्राप्त किए जा सकते हैं। इसी तरह मृत्यु प्रमाण पत्र सुधार, विवाह प्रमाण पत्र सुधार, आधार कार्ड पंजीकरण, (5 वर्ष तक के बच्चों का) आधार कार्ड में पता एवं मोबाइल नंबर में सुधार घर बैठे मितान सेवा से प्राप्त किए जा सकते हैं। इस सेवा से लोगों को श्रम, समय और धन की बचत हो रही है साथ ही प्रमाण पत्रों को प्राप्त करने के लिए सरकारी दफ्तरों के चक्कर काटने से भी निजात मिल रही है। वास्तव में छत्तीसगढ़ में मितान योजना से नागरिक सुविधाओं का विस्तार हुआ है और मितान की सेवाओं से सुविधाएं आसान हो रही है।

टोल फ्री नंबर पर कॉल करने के बाद ऐसे काम करता है पूरा सिस्टम
मितान योजना के टोल फ्री नंबर 14545 पर कॉल करने पर संबंधित ऑपरेटर आपको योजना से जुड़ी पूरी जानकारी देगा। उसके लिए किन दस्तावेजों की आवश्यकता होगी वह बताया जाएगा। उसके बाद आपकी सुविधा वाली तारीख और समय पर पंजीयन आदि के लिए अपॉइंटमेंट बुक कर दिया जाएगा। निर्धारित तारीख पर मितान योजना का वॉलंटियर दिये गये पते पर पहुंच जाएगा। वहां संबंधित योजना से जुड़ी औपचारिकता ऑनलाइन ही पूरी कराई जाएगी। उसके बाद का काम मितान का सिस्टम करेगा। दस्तावेज तैयार होने पर मितान आपको सूचना देगा और आपका दस्तावेज भी घर तक पहुंचा दिया जाएगा।




































