RAIPUR. इन दिनों छत्तीसगढ़ में गौठान बनाम गौशाला की सियायत पूरे सबाब पर है, भाजपा ने तो चलबो गौठान खोलबो पोल नाम का अभियान ही छेड़ रखा है और भाजपा नेता गौठानों का दौरा कर यह आरोप लगा रहे हैं कि कांग्रेस की भूपेश सरकार ने गौठान के नाम पर बड़ा भ्रष्टाचार किया है। तो वहीं अब कांग्रेस भी भाजपा पर गौशाला के नाम पर घोटाला करने का आरोप लगा रही है। कांग्रेस प्रवक्ता ने यहां तक कह दिया कि बीजेपी के नेता गायों के मांस से मछली पालन करते थे।

दरअसल आज कांग्रेस प्रवक्ता सुशील आनंद शुक्ला ने कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन में प्रेसवार्ता कर भाजपा पर गौशाला के नाम पर बड़ा घोटाला करने का आरोप लगाया है। मीडिया से बात करते हुए कांग्रेस प्रवक्ता ने कहा कि बीजेपी के शासन काल में गौशालाओं के नाम पर घोटाला किया गया था। पीसीसी संचार प्रमुख ने कहा कि रमन सरकार में गौशालाओं के नाम पर पूरे 1677 करोड़ रुपए का स्कैम हुआ था। इतना ही नहीं उन्होंने कहा कि बीजेपी सरकार के कार्यकाल में प्रदेश में 17 हजार गायों की मौत भी हुई थी, बीजेपी के नेता गायों के मांस से मछली पालन करते थे और बीजेपी के नेताओं ने गायों के नाम पर चारा ही खा गए।
वहीं बीजेपी के गौठान अभियान पर कटाक्ष बोलते हुए सीएम भूपेश बघेल ने कहा है कि बीजेपी नेताओं को गौठान के बारे में पता ही नहीं है। इस पर पलटवार करते हुए सरोज पाण्डेय ने कहा कि भाजपाई भी इसी धरती के हैं सीएम हमें छत्तीसगढ़ की संस्कृति न बताएं।

बता दें कि आज प्रदेश अध्यक्ष अरुण साव ने मुंगेली जिले के गौठान का निरीक्षण किया, इस दौरान उन्होंने कहा कि गौठानों में न गाय मिली ना पानी और ना ही चारे की व्यवस्था है। नेता प्रतिपक्ष नारायण चंदेल ने रोगदा विकासखंड के नवागढ़ गौठान का निरीक्षण किया। इधर, धमतरी जिले में पूर्व मंत्री अजय चंद्राकर आज मगरलोड़ के अरौद, परसट्ठी और मोतिमपुर गांव के गौठान का निरीक्षण किया। बेमेतरा जिले के गौठानों में भाजपाइयों ने दौरा किया। बीजेपी जिलाध्यक्ष के नेतृत्व में सभी भाजपाई खिलोरा के गौठान का निरीक्षण किया।


































