RAIPUR. छत्तीसगढ़ की 11 लोकसभा सीटों पर जीत दर्ज करने के लिए कांग्रेस ने पहली बार नई रणनीति तैयार की है। इसके तहत आगामी 2023 विधानसभा चुनाव के साथ ही 2024 के लोकसभा चुनाव की तैयारी भी साथ-साथ की जाएगी। खासकर हारी हुई लोकसभा सीटों पर कांग्रेस बूथ स्तर पर तैयारी शुरू कर दी है। वर्ष 2004, 2009 और 2014 लोकसभा चुनाव में छत्तीसगढ कांग्रेस को 11 में महज 1 सीट पर जीत मिली। इसी तरह 2019 में कांग्रेस 2 सीटों पर जीत दर्ज की।
वहीं 2019 लोकसभा चुनाव से पहले दिसंबर 2018 में छत्तीसगढ़ में कांग्रेस 68 विधानसभा सीटों पर जीत दर्ज कर सरकार में आई। बावजूद 9 लोकसभा सीटों पर कांग्रेस को करारी हार मिली। छत्तीसगढ़ प्रभारी सचिव चंदन यादव का कहना है आगामी विधानसभा चुनाव के साथ ही लोकसभा चुनाव की भी तैयारी कांग्रेस करने जा रही है, जिसमें हमें सफलता जरूर मिलेगी।
इधर, छत्तीसगढ़ महिला कांग्रेस अध्यक्ष व राज्य सभा सांसद फूलोदेवी नेताम शनिवार को दो दिवसीय रायगढ़ दौरे पर रहीं। इस दौरान उन्होंने महिला कांग्रेस कार्यकर्ताओं की बैठक ली और मिशन 2023 और 2024 की तैयारियों में जुट जाने को कहा। इस दौरान मीडिया से बातचीत करते हुए उन्होने कहा कि देश में बढती महंगाई से महिलाओं के आंखों से आंसू निकल रहे हैं। देश में उज्जवला योजना का लाभ महिलाओं को नही मिल रहा है। महंगाई को लेकर कभी धरना प्रदर्शन करने वाली स्मृति ईरानी आज खामोश हैं और महिलाएं महंगाई से परेशान हैं। आगामी चुनाव में महंगाई एक बड़ा मुद्दा होगा जिसे लेकर कांग्रेस जनता के बीच जाएगी।
उन्होने कहा कि सीएम भूपेश बघेल के नेतृत्व में महिलाएं आत्मनिर्भर हो कर प्रगति की राह पर चल पड़ी हैं। इसका लाभ निश्चित तौर पर आगामी विधानसभा चुनाव में कांग्रेस को मिलेगा। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ में विधानसभा चुनाव को लेकर महिला कांग्रेस पूरी तरह से तैयार है। महिला कांग्रेस ने बूथ लेवल पर महिलाओं की टीम बनाई है, जो कि बूथ लेवल पर जाकर कार्यकर्ताओँ को रिचार्ज करेंगी। उन्होंने 2000 के नोट को चलन से बाहर करने के निर्णय को केंद्र का गलत निर्णय बताया। उन्होंने कहा कि बार बार इस तरह के निर्णय से जनता को परेशानी होती है।
मीडिया से चर्चा करते हुए फूलोदेवी नेताम ने कहा कि हम पूरी तैयारी के साथ है। महिला कांग्रेस की टीम पूरी मजबूती के साथ चुनाव के लिए तैयार है। दस- दस महिलाएं एक एक बूथ में तैयार हैं। शहर में वार्ड स्तर पर कमेटियां गठित हैं। छत्तीसगढ़ के तीज त्यौहार विश्व आदिवासी दिवस मनाना, त्यौहारों में छुट्टियां घोषित करना, उसी तरह की खुशियां छत्तीसगढ़ में आते रहेंगी। भाजपा के पास कोई मुद्दा नहीं है वो किसको लेकर जाएंगे, कांग्रेस की योजना है गोठान तो गोठान में जाकर माहौल बनाएंगे यही रह गया है। मोदी जी ने कहा था महंगाई कम करेंगे। उज्जवला बांटेंगे लेकिन महंगाई को देखकर महिलाओं के आखों में आंसू आने लगा, स्मृति ईरानी धरना देती थी लेकिन आज महंगाई के मामले में उनकी जुबान नहीं खुल रही है। महंगाई से महिलाओं का बजट बिगड़ गया है इससे महिलाएं परेशान हैं आने वाले समय में महंगाई बड़ा मुद्दा रहेगा।