RAIPUR. अंतर्राष्ट्रीय श्रमिक दिवस के अवसर पर राजधानी रायपुर के साइंस कॉलेज मैदान में आयोजित सम्मेलन में मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने प्रदेश के लाखों श्रमिकों के लिए कई महत्सपूर्ण घोषणाएं की है साथ ही विभिन्न योजनाओं के अंतर्गत 47.12 करोड़ रुपए की राशि DBT के माध्यम से उनके बैंक खातों में ट्रांसफर की। वहीं इस दौरान सीएम ने कई बड़े ऐलान भी किए है।
मुख्यमंत्री निर्माण मजदूर मासिक टिकट कार्ड योजना के तहत ऐसे पंजीकृत निर्माण श्रमिक जो निर्माण कार्य के लिए अपने घर से अन्य स्थानों पर रेल/ बस के माध्यम से प्रतिदिन यात्रा करते है। उन्हें रेल मंडल एवं परिवहन विभाग तथा नगर निगम द्वारा निर्धारित दर अनुसार 50 किमी तक यात्रा हेतु मासिक टिकट कार्ड (MST) प्रदाय किया जाएगा, जिसके माध्यम से ऐसे श्रमिकों को यात्रा पर होने वाला संपूर्ण कार्य छग भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण मंडल करेगा।
देय सहायता राशि में बढ़ोतरी
मुख्यमंत्री निर्माण श्रमिक मृत्यु एवं दिव्यांग सहायता योजना के तहत पंजीकृत निर्माण श्रमिकों की कार्यस्थल में दुर्घटना मृत्यु पर देय सहायता राशि को रूपये 1.00 लाख से बढ़ाकर रूपये 05 लाख कर दिया गया है। इसके अलावा अपंजीकृत श्रमिक कार्यस्थल पर दुर्घटना से मृत्यु होने पर रूपये 01 लाख की सहायता प्रदान की जाएगी।
मुख्यमंत्री निर्माण श्रमिक आवास सहायता योजना के तहत मंडल द्वारा इस योजना के अंतर्गत अधिक से अधिक निर्माण श्रमिकों को लाभान्वित करने के उद्देश्य से योजना के पूर्व प्रावधान को अधिक्रमित करते हुए नवीन आवास क्रय / नवीन आवास निर्माण के लिए एकमुश्त 50,000 रूपये अनुदान प्रदाय किया जाएंगे।
दुर्घटना में चिकित्सा सहायता योजना का नाम बदलकर अब “मुख्यमंत्री निर्माण श्रमिक दीर्घायु सहायता योजना” कर दिया जाएगा, साथ ही अब इस योजना अंतर्गत हृदय की शल्य क्रिया, गुर्दा का प्रत्यारोपण, लीवर का प्रत्यारोपण, मस्तिक की शल्य क्रिया, रीढ़ की हड्डी की शल्य क्रिया, पैर के घुटने की शल्य क्रिया, कैंसर इलाज, लकवा ग्रसित जैसे गंभीर बीमारी से पीड़ित पंजीकृत निर्माण श्रमिकों को शासन के अन्य योजनाओं के अतिरिक्त 20,000 रूपये तक का अनुदान प्रदाय किया जाएगा।