JAGDALPUR . प्रदेश के बस्तर जिले में एक शादी समारोह में एसिड अटैक का मामला सामने आया है। आज यहां एक सिरफिरे युवक ने दूल्हा-दुल्हन पर एसिड से हमला कर दिया। इस घटना में दूल्हा-दुल्हन सहित करीब 10 लोग झुलस गए। सभी घायलों को जगदलपुर के महारानी अस्पताल में भर्ती किया गया है। मामला भानपुरी थाना क्षेत्र का है।
दरअसल, यह मामला जिले के आमागांव का है। जानकारी के अनुसार सुधापाल का रहने वाला 23 वर्षीय डमरू बघेल की शादी 19 साल की सुनीता कश्यप के साथ हो रही थी। तभी अचानक लाइट चले गई और अंधेरे का फायदा उठाकर एक सिरफिरे युवक ने दूल्हा-दुल्हन पर एसिड से हमला कर दिया।
इस घटना में आस-पास बैठे लोगों पर एसिड के छींटे पड़े जिसके चलते वह भी झुलस गए। इस घटना में दूल्हा-दुल्हन सहित करीब 10 लोगों के झुलसने की खबर सामने आई है। सिरफिरा युवक घटना को अंजाम देकर मौके से फरार हो गया है। मौके पर पहुंची पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
इन पर हुआ एसिड अटैक
एसिड अटैक से दूल्हा डमरु बघेल (23), व दुल्हन सुनीता सुनीता कश्यप (19) के साथ संपत बघेल (32), छह साल का टेमेश्वर मौर्य, तुला कश्यप (19), चार साल की जामनी कश्यप, गूंजी ठाकुर (25) गुनमनी कश्यप (29), मालती कश्यप (38), मिटकी कश्यप (38), गोयनदा कश्यप (38) कारी बाई कश्यप (29) घायल हुए हैं।