DURG. मच्छर उन्मूलन कार्यक्रम के अंतर्गत कॉलोनियों के बीच सर्वे कराया जाएगा। इसके अंतर्गत स्वच्छता सर्वेक्षण शुरू कर दिया गया है। श्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाली कॉलोनियों को पुरस्कृत किया जाएगा। समान अंक प्राप्त करने की स्थिति में लॉटरी सिस्टम से निर्णय लिया जाएगा। मच्छर उन्मूलन कार्यक्रम (फाइट द बाइट) के तहत दुर्ग जिले के सभी 11 नगरीय निकायों के समस्त कॉलोनियों में एक से 15 अप्रैल तक कॉलोनी एसोसिएशन के बीच स्वच्छता अभियान चलाया गया। इसके बाद 16 से 22 अप्रैल तक सर्वेक्षण का काम किया जाना निर्धारित किया गया है। इसमें कॉलोनी अध्यक्ष के साथ समन्वय कर नगर निगम विभाग, स्वास्थ्य विभाग, मितानिन और M.T द्वारा सर्वेक्षण का काम किया जाएगा। इसके लिए स्वास्थ्य विभाग द्वारा तरह-तरह के कार्य के लिए कुल सौ नंबर तय किए गए हैं।

इसमे कॉलोनी के अंदर तालाब और स्वीमिंग पुल में कचरा, जलकुंभी, झाड़ी आदि की सफाई के लिए दस नंबर, कॉलोनी के अंदर घर के सामने नालियों की साफ-सफाई के लिए दस नंबर, सूखा व गीला कचरा अलग-अलग उठाव के लिए दस नंबर, कॉलोनी के अंदर घर-घर सर्वे कर कूलर, फ्रिज, गमले और बाथरूम के खुले बर्तनों में पाए जाने वाले लार्वा की सफाई किए जाने पर 18 नंबर, कंस्ट्रक्शन साइट, पुराने भवन, स्कूल और झाड़ी वाले इलाकों में जमे हुए पानी की निकासी व्यवस्था के लिए 12 नंबर, कॉलोनी की सब्जी मंडी, मटन मार्केट, मछली मार्केट और सब्जी मार्केट से कचरा उठाने के लिसए बीस नंबर, कॉलोनी के खटाल और मवेशी रखने की जगह को सूखा रखने और कचरा डिस्पोज करने के लिए दस नंबर के साथ ही उद्यान और झाड़ियों की सफाई व पानी भराव इलाकों की व्यवस्था के लिए दस नंबर तय किए गए है।

तय किए गए नंबरों के आधार पर समीक्षा के बाद अधिकतम अंक पाने वाले कॉलोनी को फर्स्ट, सेकंड और थर्ड प्राइज दिया जाएगा। इसमे दो से तीन कॉलोनी वासियों का समान नंबर आने पर लॉटरी सिस्टम के हिसाब से विजेता घोषित किए जाएंगे। उपरोक्त जांच समिति में नगर निगम के आयुक्त, जोन आयुक्त की अध्यक्षता में सेनेटरी इंस्पेक्टर, वार्ड सुपरवाइजर और कॉलोनी अध्यक्ष के साथ समन्वय कर स्वास्थ्य विभाग से सेक्टर सुपरवाइजर, ग्रामीण स्वास्थ्य संयोजक, मितानिन एवं M.T की संयुक्त टीम द्वारा संबंधित इलाके के कॉलोनी में जाकर किसी भी पांच घर, नाली, तालाब, नाला का निरीक्षण कर तय नंबर के हिसाब से रिपोर्ट 22 अप्रैल की संध्या तक मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी कार्यालय दुर्ग में सेक्टर सुपरवाइजर के माध्यम से प्रस्तुत किया जाएगा।

इसमें समीक्षा का अंतिम आंकलन कर 24 अप्रैल तक आयुक्त कार्यालय भिलाई में अंतिम सूचि प्रस्तुत की जाएगी। साथ ही 25 अप्रैल को प्राइज डिस्ट्रिब्यूट किया जाएगा। सभी कॉलोनी एसोसिएशंस के पदाधिकारियों को अपनी कॉलोनी में स्वच्छता कार्य बेहतर ढंग से संपादित करने के निर्देश दिए गए है। इससे दुर्ग जिले को मच्छर मुक्त किया जा सकें और अन्य बीमारी मलेरिया, फाइलेरिया, डेंगू, चिकनगुनिया, पीलिया, डायरिया, डिसेंट्री एवं टाइफाइड जैसी बीमारी मुक्त किया जा सकें।




































