BILASPUR. विधानसभा में प्रदेश का अगला एम्स बिलासपुर में खोलने की सहमति देने के बाद स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंहदेव आज बिलासपुर पहुंचे। यहां मंत्री सिंहदेव व शहर विधायक का पार्टी कार्यकर्ताओं ने आतिशी स्वागत किया। सिंहदेव ने इसे शहर विधायक शैलेश पांडेय का प्रयास बताते हुए बिलासपुर वासियों को बधाई दी। मंत्री सिंहदेव ने इस दौरान मीडिया से चर्चा करते हुए भाजपा और प्रदेश में सीएम के चेहरे को लेकर बड़ा बयान दिया।

उन्होंने भाजपा की स्थिति को लेकर कहा कि भाजपा और उनके संगठन की अपनी एक मजबूती है, उसे नजरअंदाज नहीं करना चाहिए। पिछले 45- 50 साल का राजनीतिक अनुभव कहता है। आरएसएस के होने के कारण भाजपा को कम नहीं आंकना चाहिए। अकेले भाजपा इतनी शक्तिशाली ना हो लेकिन आरएसएस प्लस भाजपा इसको कभी कम नहीं आंकना चाहिए। हालांकि, आगे सिंहदेव ने कहा कि, पिछले चुनाव में भारतीय जनता पार्टी की इतनी कम सीट आई है कि उनका मनोबल टूटा हुआ है। आज उनके अंदर से ही कोई ऐसी शक्ति सामने नहीं आ रही है। स्थिति ये है कि, पब्लिक के बीच फोकस में आने के लिए भाजपा अपने गवर्नर का ही क्रिटिसाइज कर रही है।

आगे सिंहदेव ने प्रदेश में अगले सीएम के चेहरे के सवाल पर कहा कि अभी टीएस बाबा का नंबर नहीं लगा है। आगे के लिए अमूमन जो मुख्यमंत्री रहते हैं वह पार्टी को लीड करते हैं, बाकी हाई कमान के ऊपर है, उनका लोगों के बीच में काम करने का प्रयास चलता रहेगा। टीएस सिंहदेव ने आगे एक सवाल के जवाब में भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि भारत जोड़ो यात्रा को विफल बताने वाली भाजपा को महाराष्ट्र के उपचुनाव में एक सीट चली गई उसकी भी बात करनी चाहिए। लेकिन वे उसकी बात नहीं करते। आज वहां कांग्रेस के उम्मीदवार जीत कर आए हैं।





































