GUWAHATI. हॉलीवुड अभिनेता लियोनार्डो डिकैप्रियो को असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने राज्य में आने और काजीरंगा नेशनल पार्क में घूमने का न्योता दिया है। दरअसल, यह राष्ट्रीय उद्यान पूरी दुनिया में सींग वाले गैंडों के लिए प्रसिद्ध है। दरअसल, डिकैप्रियो ने अवैध शिकार को रोकने के प्रयासों के लिए असम सरकार की प्रशंसा करने वाली एक पोस्ट की थी।
इसमें उन्होंने लिखा था, “असम सरकार के साल 2021 में शुरू किए गए प्रयासों को अगले साल सफलता मिली, जब काजीरंगा राष्ट्रीय उद्यान में एक भी गैंडे का शिकार नहीं किया गया।” उन्होंने पोस्ट में आगे लिखा, “साल 2000 से 2021 के बीच करीब 190 गैंडों को उनके सींगों के लिए मार दिया गया था।”
अकादमी पुरस्कार विजेता अभिनेता ने पोस्ट में इसका उल्लेख करते हुए लिखा कि असम सरकार ने साल 2021 तक काजीरंगा राष्ट्रीय उद्यान में एक सींग वाले गैंडों के अवैध शिकार को समाप्त करने के लिए काम किया है। लिहाजा, साल 1977 के बाद पहली बार 2022 में एक भी गेंडे का शिकार वहां नहीं हुआ।
डिकैप्रियो का इंस्टाग्राम पोस्ट शेयर किया गया
हेमंत बिस्वा सरमा ने एक इंस्टाग्राम पोस्ट का स्क्रीनशॉट भी साझा किया, जिसमें डिकैप्रियो ने असम सरकार के प्रयासों की प्रशंसा की थी। ‘टाइटैनिक’ स्टार ने कहा, “2022 में, वे अपने लक्ष्य तक पहुंच गए और 1977 के बाद पहली बार क्षेत्र में किसी गैंडे का शिकार नहीं किया गया है।” डिकैप्रियो ने यह भी बताया कि यह राष्ट्रीय उद्यान करीब 2,200 गैंडों का घर है।
उन्होंने आगे बताया कि नेशनल पार्क में रहने वाले गैंडों की संख्या दुनिया के गैंडों की आबादी का लगभग एक तिहाई है। डिकैप्रियो ने वर्ल्ड वाइड फंड फॉर नेचर की एक रिपोर्ट के हवाले से कहा कि 20वीं शताब्दी में दुर्लभ गैंडों की वैश्विक आबादी 200 से बढ़कर लगभग 3,700 हो गई, जो अच्छी बात है।