RAIPUR. छत्तीसगढ़ में इन दिनों विधानसभा में शीतकालीन सत्र चल रहा है। इस दौरान पक्ष-विपक्ष में तीखी नोकझोंक भी चल रही है। सोमवार को चर्चा के दौरान एक वाकया आया कि मंत्री और पूर्व मंत्री को माफी मांगनी पड़ी। दरअसल, विधानसभा की कार्रवाई के बीच कांग्रेस विधायक कुलदीप जुनेजा वृक्षारोपण को लेकर सवाल कर रहे थे। मंत्री अकबर जवाब दे रहे थे। इस बीच, भाजपा विधायक अजय चंद्राकर ने जुनेजा के सवाल पूछने के दौरान सरदार कहा…तभी सरदार शब्द के साथ कुछ आपत्तिजनक बातें मंत्री शिव डहरिया ने मजाकिया लहजें में कह दीं। हालांकि देर शाम प्रदेश के मंत्री शिव डहरिया और पूर्व मंत्री अजय चंद्राकर ने समाज के लोगों से माफी मांगी, तब मामला शांत हुआ।

दरअसल, विधानसभा की कार्यवाही की वीडियो वायरल होते ही हंगामा शुरू हो गया। जानकारी लगते ही तेलीबांधा गुरुद्वारा प्रबंध समिति के साथ सिख समुदाय के लोग शिव डहरिया और अजय चंद्राकर के बंगले के बाहर जा पहुंचे। सबसे पहले ये सभी अजय चंद्राकर के घर गए, चंद्राकर ने बाहर आकर सभी से मुलाकात की और बताया कि आपत्तिजनक शब्द मंत्री डहरिया ने कहे हैं, फिर भी मैं माफी मांगता हूं। चंद्राकर ने लिखित में खेद प्रकट करते हुए माफी मांगी।

इसके बाद सभी लोग पहुंच गए मंत्री शिव डहरिया के घर, यहां धरना देकर मंत्री के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई। समाज के लोगों ने कहा कि वीडियो में साफ दिख रहा है कि विधानसभा में मंत्री डहरिया ने सिखों को लेकर गलत बातें कही हैं। इसका हम विरोध कर रहे हैं। उन्होंने हमारा मजाक बनाकर हमें अपमानित किया है। मंत्री के बंगले के बाहर बढ़े हंगामे की वजह से पुलिस पहुंची, मंत्री भी बाहर आए। भड़के हुए लोगों को देखकर समझाने का प्रयास करने लगे। खबर मिलते ही विधायक कुलदीप जुनेजा भी पहुंच गए थे। हालांकि लोग माफी के बाद ही शांत हुए।





































