Raipur. राजधानी रायपुर के इंडस्ट्रियल एरिया सिलतरा में एक बड़ा हादसा हो गया है। यहां राखड़ खुदाई कर कोयला तलाश रहे लोगों के ऊपर मलबा गिर गया। हादसे में दो महिलाओं समेत तीन लोगों की मौत हो गई। जबकि एक नाबालिग की हालत गंभीर है, जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है।


आपको बता दें कि सिलतरा समेत आसपास के ग्रामीण कंपनियों द्वारा निकाले मलबे से राख बटोरते हैं। कारण ये कि उनके बीच उन्हें कोयला मिलता है। इसे वे सिगड़ी जलाने में उपयोग करते हैं। मंगलवार को भी बड़ी संख्या में लोग राखड़ निकाल रहे थे। वहीं इसके चलते यहां काफी लंबी सुरंग बन गई थी। ऐसे में अचानक सारा का सारा मलबा नीचे मौजूद लोगों के ऊपर आ गिरा। इससे पांच लोग उसी में दब गए। जब तक उन्हें बाहर निकाला जाता, तीन लोगों की मौत हो चुकी थी। इसमें दो महिलाएं व एक पुरुष शामिल हैं। जबकि एक नाबालिग की हालत गंभीर थी। उसे इलाज के लिए तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया।

ये इलाका धरसीवां थाना क्षेत्र के अंतर्गत आता है। ऐसे में जैसे ही घटना की जानकारी आसपास के लोगों को हुई, उन्होंने एक ओर तो बचाव कार्य शुरू किया तो वहीं दूसरी ओर, धरसीवां थाने में सूचना दी। थाना प्रभारी शिवेंद्र सिंह राजपूत ने पुलिस की एक टीम मौके पर भेजी। उन्होंने वहां जाकर तत्काल रेस्क्यू किया और फिर दबे हुए लोगों को आसपास के रहवासियों की मदद से बाहर निकाला गया।

कोयले का लालच बना जानलेवा
दरअसल, इस इलाके में कई कंपनियों द्वारा राखड़ निकाला जाता है। उनमें बड़ी मात्रा में कोयला बचा रहता है। आसपास के लोग उसी कोयले के लालच में इस तरह का खतरा मोल लेते हैं। जबकि वहां मलबा का इतना ढेर लग चुका था कि लोग बाकायदा सुरंग बनाकर कोयला निकाल रहे थे।





































