KORIYA. मनेंद्रगढ़ चिरमिरी भरतपुर जिले में आदमखोर तेंदुए आतंक रुकने का नाम नहीं ले रहा है। वन विभाग की ओर से तेंदुए को पकड़ने के लिए पिंजरा भी लगाया गया है। कैमरे से निगरानी रखी जा रही है। इसके बावजूद तेंदुआ पकड़ से बाहर है और आए दिन इंसानों पर हमला कर नुकसान पहुंचा रहा है। इस बीच, कोरिया जिले के मनेंद्रगढ़ वन मंडल से बड़ी घटना सामने आई है। आदमखोर हो चुके तेंदुए ने एक महिला को मार डाला। इस घटना के बाद ग्रामीण दहशत में हैं। सूचना के बाद वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची है। इसके साथ ही इलाके में अलर्ट जारी कर दिया गया है।

जानकारी के अनुसार मनेंद्रगढ़ वन मंडल इलाके के जनकपुर परिक्षेत्र-2 के कुंवारी बीट के सिंगरौली गांव के पुरनिहापारा में आज तेंदुआ पहुंचा। गांव में रहने वाली उमाबाई पत्नी नान बैगा करीब 7.30 बजे अपने घर के पास थी। इसी दौरान तेंदुआ भी वहां पहुंच गया और महिला को उठाकर ले गया। तेंदुए ने महिला के गले पर वार किया, जिससे उसकी मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलने के बाद वन विभाग के कर्मचारी मौके पर पहुंचे। फिलहाल रेंजर चंद्रमणि तिवारी पीड़ित परिवार की मदद में जुटे हैं।

ये है तीसरी घटना
गौरतलब है कि इस क्षेत्र में तेंदुए के मानव पर आक्रमण की यह तीसरी घटना है, जिसमें अब तक दो महिलाओं की मौत हो चुकी है। वहीं एक आठ साल का बालक बुरी तरह घायल है, जिसका इलाज सामुदायिक स्वास्थ्य केद्र जनकपुर में चल रहा है। बता दें कि, अभी हाल ही में मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर कलेक्टर पीएस ध्रुव ने तेंदुआ प्रभावित क्षेत्र का दौरा किया और लोगों को जंगल नहीं जाने की समझाइश दी है। साथ ही जंगल वाले इलाके से गुजरने वाले लोगों को सतर्क रहने और हमेशा लाठी डंडा साथ रखने को कहा है।





































