AMBIKAPUR. सरगुजा जिले के प्रतापपुर वन परिक्षेत्र के जंगल में इन दिनों 35 हाथियों का एक दल आ घुसा है। गुरुवार की सुबह इसी दल से भटककर अलग हुआ एक हाथी जंगल से लगे गांव की ओर आ घुसा। इसी दौरान उसे एक वृद्ध महिला मिल गई, जिसे उसने अपनी सूंड में फंसा लिया और पटककर व कुचल— कुचलकर उसकी जान ले ली।

प्रतापपुर वन परिक्षेत्र के रेंजर विनय कुमार टंडन ने जानकारी दी कि कुछ दिनों से इस इलाके में लगभग 35 हाथियों का दल फिर से जंगल में सक्रिय हो गया है। वन विभाग की ओर से उनकी निगरानी की जा रही है। इसके साथ ही जंगल से गले हाथी प्रभावित क्षेत्र के लोगों को भी अलर्ट किया गया था। वहीं गुरुवार की भोर में पता चला कि दल से अलग होकर एक हाथी धरमपुर के वन क्षेत्र गौरा की ओर चला गया है। जानकारी मिलते ही वन अमला व हाथी मित्र दल उस पर निगरानी रखने के लिए गौरा के लिए निकल गया था। लेकिन, उससे पहले ही ये घटना हो गई।
दरअसल, 62 वर्षीय वृद्धा बरातो गोंड़ पति स्व. कुरलाही अपने घर में सो रही थी। सुबह करीब पांच बजे वह उठी और जैसे ही बाहर निकलने के लिए दरवाजा खोला, अचानक सामने ही वह जंगली हाथी खड़ा दिखाई दिया। वह कुछ समझ पाती, उससे पहले ही हाथी ने उसे अपनी सूंड में लपेट लिया। फिर दरवाजे से बाहर खींचकर जमीन पर पटक दिया। इसके बाद उसे अपने पैरों से बुरी तरह कुचल दिया। इस दौरान हाथी ने वृद्धा के पूरे शरीर को क्षत-विक्षत कर दिया। वहीं घटना की सूचना मिलने ही प्रतापपुर वन परिक्षेत्र के अफसर व कर्मचारी मौके पर पहुंचे। उन्होंने मृतका के शव को पोस्टमार्टम कराने प्रतापपुर भेजा। वहीं मृतका के बेटे मुचलू को तात्कालिक सहायता राशि के रूप में 25 हजार रुपये दिए हैं।






































