TIRANDAJ.COM . जुआ खेलने की लत कितनी खराब है यह तो सभी जानते हैं। इसके बावजूद सदियों से लोग जुआ खेलते आ रहे हैं। महाभारत में भी दिखाया गया है कि कैसे जुए की लत में पांडव अपनी पत्नी द्रौपदी को हार गए थे। लेकिन इससे भी लोगों को अब तक सीख नहीं मिली है कि यह गलत काम है। जुआ से जुड़ा ऐसा ही एक अनोखा मामला उत्तरप्रदेश के प्रतापगढ़ से सामने आया है। जिसमें एक महिला लूडो में घर के पैसे, ज़ेवर हारने के बाद खुद को भी हार गई है।

मामला प्रतापपगढ़ के नगर कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत देवकली मोहल्ले का है। यहां किराये के मकान में रहने वाली रेनू नाम की महिला को जुआ खेलने की लत थी। उसका पति दूसरे शहर में नौकरी करता था, और अपने तनख्वाह में से पैसे बचाकर प्रत्येक महीने अपनी पत्नी रेनू को भेजता था। पति की गैर-मौजूदगी में रेनू अपने मकान मालिक के साथ लूडो में जुआ खेलती थी। घर में रखे पूरे पैसे और ज़ेवर हारने के बाद रेनू खुद को भी मकान मालिक से हार गई।

जब रेनू ने इस मामले की जानकारी अपने पति को दी तो वह सुनकर भौचक्का रह गया। उसके पति ने थाने में जाकर शिकायत दर्ज कराई और बताया कि वह देवकली में किराये के मकान में रहता था। पिछले 6 महीने से वह काम के लिए राजस्थान के जयपुर गया हुआ था। अपनी कमाई में से पैसे बचाकर हर महीने पत्नी को पैसे भेजता था। जिसे वह मकान मालिक के साथ जुआ खेलकर उड़ाती थी।

जब पैसे ख़त्म हो गए तब उसने खुद को ही दांव में लगा दिया और हार गई। इसके बाद मुझे फ़ोन करके घटना की जानकारी देते हुए कहा कि मैं खुद को लूडो में हार गई हूँ। तुम आकर लिखा-पढ़ी कर लो, अब हमारे चक्कर में पड़ोगे तो काटकर फेंक दिए जाओगे।



































