DURG. छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में बीती रात एक बारात में जमकर चाक़ूबाजी हुई है। बारातियों की मोहल्ले के लड़कों से डीजे पर गाना बजाने की बात को लेकर बहस होने लगी। इसी दौरान मोहल्ले के लड़कों ने चाकू लेकर बारातियों पर हमला कर दिया। देखते ही देखते पूरे बारात में चाकूबाजी होने लगी। इसमें कूल 7 लोग घायल हुए हैं, जिसमें से 2 की हालत गंभीर है। सभी घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है।

मामला दुर्ग जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत शक्ति नगर में चल रहे शादी समारोह का है। यहां बीती रात एक बारात आई हुई थी। बारात के मोहल्ले में पहुंचते ही डीजे बजाने की किसी बात को लेकर बारातियों का मोहल्ले के किसी लड़के से विवाद हो गया। थोड़ी ही देर बाद मोहल्ले के लड़कों की भीड़ लग गई, जो कि अपने साथ चाक़ू लेकर आये हुए थे। देखते ही देखते बारातियों पर सभी ने मिलकर हमला कर दिया और पूरे बारात में चाकूबाजी होने लगी। दोनों पक्षों में जमकर मारपीट हुई है।

इस चाकूबाजी की घटना के बाद आनन-फानन में घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इसमें कुल 07 लोग घायल हुए हैं तो वहीं 02 की हालत गंभीर बताई जा रही है। घायल होने वालों में सैय्यद खान, नकीन खान, आसिफ खान, कलीम, अलीम खान, सरफराज खान आदि युवक शामिल हैं।

घटना के बाद से ही मोहन नगर, दुर्ग समेत कई थानों की पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है। कई जगह पर छापेमारी कर उन्हें पकड़ने का प्रयास कर रही है। आरोपी शहर से बाहर न जा सकें इसके लिए जगह-जगह नाकेबंदी भी की गई है। पुलिस ने कहा है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।






































