INDORE. माघ हिंदू वर्ष का 11वां महीना है। हिंदू धार्मिक मान्यताओं और धार्मिक ग्रंथों में माघ के महीने को बहुत ही पवित्र और कल्याणकारी बताया गया है। भगवान श्रीकृष्ण ने गीता में कहा है कि माह में मैं माघ हूं। इसके साथ ही माघ का महीना भगवान सूर्य, मां गंगा और भगवान विष्णु की उपासना को समर्पित है। इस बार माघ मास 7 जनवरी 2023 से शुरू हो रहा है।
ऐसे में इन दिनों स्नान, दान और तप का विशेष महत्व है। आइए जानते हैं माघ मास कब शुरू होता है और इस समय क्या करना शुभ होता है। इंदौर के ज्योतिषाचार्य आचार्य गिरीश व्यास ने बताया कि माघ के महीने में पवित्र नदियों में स्नान करने से पुण्य की प्राप्ति होती है।
माघ पूर्णिमा का है विशेष महत्व
माघ पूर्णिमा को सभी प्रमुख नदियों के घाट पर बड़ी संख्या में लोग डुबकी लगाते हैं। हिंदू धर्म में माघ पूर्णिमा को सभी पूर्णिमा की तिथियों में विशेष स्थान प्राप्त है। पौराणिक मान्यता है कि माघ मास की पूर्णिमा तिथि को देवलोक से देवतागण पृथ्वी पर आते हैं और भक्तों को आशीर्वाद देते हैं।








































