BHILAI. छत्तीसगढ़ में मौसम का मूड बदला हुआ है, चारों ओर बादल छाए हुए हैं। दरअसल चक्रवाती तूफान ‘मैंडूस’ का असर छत्तीसगढ़ में भी दिख रहा है। मौसम विभाग ने छत्तीसगढ़ के कई स्थानों में अगले 48 घंटो के अंदर बारिश होने की संभावना जताई है। मौसम विभाग की माने तो बारिश दक्षिण छत्तीसगढ़ और बिलासपुर संभाग के जिले में होने की ज्यादा संभावना है।

रायपुर मौसम केंद्र के वैज्ञानिक एचपी चंद्रा ने बताया कि, चक्रवाती तूफान ‘मैंडूस’ पिछले 6 घंटे में 14 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से उत्तर पश्चिम दिशा में आगे बढ़ते हुए दक्षिण पश्चिम बंगाल की खाड़ी- उत्तर तमिलनाडु के तट-पुडुचेरी तट के पास त्रिंकोमाली से 350 किलोमीटर दूर, जाफना से उत्तर उत्तर पूर्व में 250 किलोमीटर दूर, मामल्लापुरम से दक्षिण पूर्व की ओर 135 किलोमीटर दूर, चेन्नई से दक्षिण दक्षिण पूर्व की ओर 170 किलोमीटर दूर स्थित है।

यह चक्रवाती तूफान उत्तर पश्चिम दिशा की ओर आगे बढ़ते हुए उत्तर तमिलनाडु पुडुचेरी से लगे दक्षिण आंध्र प्रदेश के पास पुडुचेरी से होते हुए श्रीहरिकोटा के बीच मामल्लापुरम के पास टकराने की संभावना है। साथ ही भूमि पर टकराते समय इसकी हवा की गति 65 से 75 किलोमीटर के आसपास रहने की संभावना है।

छत्तीसगढ़ में होगी बारिश
प्रदेश में आज एक-दो स्थानों पर वर्षा होने अथवा गरज-चमक की संभावना है। प्रदेश में न्यूनतम तापमान में वृद्धि की संभावना है। वर्षा मुख्यत दक्षिण छ.ग (बस्तर संभाग)और उससे लगे बिलासपुर संभाग के जिले में होने की संभावना है ।






































