KESHKAL. केशकाल ब्लॉक अंतर्गत विभिन्न स्कूलों में अधिकारी निरीक्षण करने पहुंचे तो 76 टीचर स्कूल से नदारद रहे। टीचर्स की शिकायत मिलने पर कलेक्टर ने तत्काल इन्हें नोटिस भेज दिया। नदारद टीचर्स पर कार्रवाई करते हुए प्रशासन अब इनके एक दिन की सैलरी काटने का मन बना रहा है।

विभिन्न स्कूलों में शिक्षकों की अनुपस्थिति की शिकायत मिलने पर कलेक्टर दीपक सोनी के निर्देश पर शनिवार को केशकाल SDM शंकरलाल सिन्हा ने आठ टीम बनाकर स्कूलों में दबिश दी। इस दौरान निरीक्षण करने वाले अधिकारी तब भौचक्के रह गए जब उन्होंने देखा कि विकासखंड में लगभग 76 शिक्षक अनुपस्थित हैं।

इसके बाद SDM ने सभी अनुपस्थित शिक्षकों को कारण बताओ नोटिस जारी कर जवाब मांगा है।
अधिकारियों ने अनुपस्थित शिक्षकों का एक दिन की सैलरी काटने के लिए कलेक्टर को प्रतिवेदन भी भेज दिया गया है।

स्कूलों से टीचर्स की अनुपस्थिति में कार्रवाई के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया है। मिली जानकारी के अनुसार आए दिन ग्रामीणों के द्वारा स्कूलों में शिक्षकों की अनुपस्थिति की शिकायत की जा रही थी। बीते दिनों ग्रामीणों ने कलेक्टर से मिलकर शिकायत की थी। जिसके बाद SDM ने प्राथमिक शाला नवागढ़ में लंबे समय से अनुपस्थित चल रहे सहायक शिक्षक को नोटिस थमाया था। वहीं शनिवार को प्रशासन ने विशेष अभियान चलाते हुए ऐसे लापरवाह शिक्षकों पर बड़े पैमाने पर कार्रवाई कर दी।






































