BEIJING. तीखा और मसालेदार खाना हर किसी को अच्छा लगता है। मगर, कई बार यह घातक भी साबित हो सकता है, ज्यादा तीखा खाने से पेट और पाचन संबंधी समस्याओं के बारे में तो आपने सुना ही होगा। मगर, क्या आपको पता है कि इसकी वजह से पसलियां भी टूट सकती हैं।
चीन के शंघाई में ऐसी ही घटना सामने आई है, जिसके बारे में जानकर लोग हैरान हैं। मसालेदार खाना खाकर खांसने पर महिला की 4 पसलियां टूट गईं। साउथ चाइना मॉर्निंग पोस्ट की रिपोर्ट के मुताबिक, हुआंग नाम की महिला को लगातार खांसी आने लगी और इसके बाद उसके सीने से जोर से चटकने की आवाज सुनाई दी।
पहले तो महिला ने इस पर ध्यान नहीं दिया। मगर, जब उन्हें सीने में दर्द होने लगा, तो उन्होंने सीटी स्कैन कराया। इसके बाद पता चला कि महिला की चार पसलियां टूट गई हैं। डॉक्टरों ने बताया कि महिला का वजन बहुत कम होने के कारण उसकी पसलियों को खांसते समय मांसपेशियों से सहारा नहीं मिला और वे टूट गईं। हुआंग का वजन 57 किलो है।
एक महीने तक करना होगा बेड रेस्ट
हुआंग शंघाई की रहने वाली है। उसने मीडिया को बताया कि जब उसे खांसी हुई, तो उसने अपने सीने के अंदर कुछ चटकने की आवाज सुनी। पहले तो उन्होंने इस पर ध्यान नहीं दिया। लेकिन, जब उसे सांस लेने और बात करने में दर्द होने लगा तो उसने डॉक्टर के पास जाने का फैसला किया।
https://chat.whatsapp.com/FDGaUWPCPEP8Cio0bzx8L8
डॉक्टरों ने महिला की जांच की और सीटी स्कैन के बाद पता चला कि हुआंग की पसलियां टूटी हुई हैं। डॉक्टरों ने उनकी छाती पर पट्टी बांध दी है और उन्हें एक महीने तक आराम करने को कहा है, ताकि उनकी पसलियां फिर से जुड़ सकें।
डॉक्टरों ने बताई यह वजह
डॉक्टर ने महिला को बताया कि उसके शरीर का ऊपरी हिस्सा इतना पतला है कि उसकी त्वचा के नीचे की पसलियां साफ देखी जा सकती हैं। हड्डी को सहारा देने के लिए कोई मांसपेशी नहीं होती है, इसलिए खांसी होने पर पसलियां आसानी से टूट सकती हैं। महिला ने कहा कि ठीक होने के बाद वह अपनी मांसपेशियों और शरीर के ऊपरी हिस्से का वजन बढ़ाने के लिए शारीरिक व्यायाम करेगी।