DURG. दुर्ग में आम आदमी पार्टी (AAP) के नेता के हॉस्पिटल को सील कर दिया गया है। यहां IAS ने बड़ी कार्रवाई की है। कार्रवाई के बाद मरीजों को दूसरे हॉस्पिटल में शिफ्त कर दिया गया है। दुर्ग में बड़ी कार्रवाई करते हुए नगर निगम के आयुक्त प्रशिक्षु IAS लक्ष्मण तिवारी ने आप के नेता के हॉस्पिटल को सील कर दिया है। हॉस्पिटल में लापरवाही की शिकायत के बाद जांच की गई। वहीं जांच के उपरांत हॉस्पिटल में खामी पाए जाने पर नर्सिंग होम को सील कर दिया गया है। यहां भर्ती दो मरीजों को सुरक्षित अस्पताल पहुंचाया गया है।

आयुक्त तिवारी ने तत्काल भर्ती दो महिला मरीजों को जिला अस्पताल के जच्चा-बच्चा केंद्र में स्वयं पहुंचकर भर्ती कराया। आयुक्त तिवारी ने हॉस्पिटल में मौजूद डॉक्टरों को निर्देश दिया कि दोनों महिला मरीजों का बेहतर इलाज करें।

दुर्ग निगम के आयुक्त IAS लक्ष्मण तिवारी ने गुरुवार को आर्य नगर, शंकर नगर में संचालिक अग्रवाल नर्सिंग होम की जांच की। शिकायतकर्ता कार्ति राम द्वारा आयुक्त के कक्ष में आवेदन देकर शिकायत की गई थी। इसमें उल्लेख किया गया था कि शंकर नगर के निवासी और भर्ती मरीज के परिजनों ने अव्यवस्था की शिकायत की थी। इसको ध्यान में रखते हुए आयुक्त ने त्वरित कार्रवाई के लिए पहुंचे। आयुक्त ने जांच के दौरान मौके पर राष्ट्रीय हरित प्राधिकरण (NGT) गाइडलाइन का उल्लंघन होना पाया। इसके अलावा नर्सिंग होम एक्ट और बायो वेस्ट के डिस्पोजल को लेकर भी अनदेखी किए जाने की बात सामने आई।

निगम के अधिकारियों ने बताया कि मौके पर नर्सिंग होम के संचालक डॉ.एसके.अग्रवाल और आम आदमी पार्टी के मेहरबान सिंह ने शासकीय कार्य में बाधा डालने का प्रयास और शांति भंग करने की कोशिश भी की। इसके बाद मौके पर कोतवाली पुलिस ने दोनों को हिरासत में ले लिया। आयुक्त लक्ष्मण तिवारी ने पुलिस को निर्देश दिया है कि वह दोनों पर वैधानिक कानूनी कार्रवाई करें। आयुक्त लक्ष्मण तिवारी ने CMHO डॉ.जेपी मेश्राम को शहर के सभी नर्सिंग होम की जांच करने के निर्देश दिए। फिलहाल अग्रवाल नर्सिंग होम को सील कर दिया गया है।


इस दौरान निगम उपायुक्त महेंद्र साहू, भवन अधिकारी गिरीश दीवान, स्वास्थ्य अधिकारी जावेद अली, उपअभियंता विनोद मांझी, सहायक राजस्व अधिकारी दुर्गेश गुप्ता व अन्य मौजूद रहे।





































