FLORIDA. अक्सर सुनसान घर में घसकर चोर कैश और ज्वैलरी में हाथ साफ करते हैं। मगर अमेरिका के एक घर में हुई चोरी हैरान करने वाली है। यहां घर का शीशा तोड़कर घुसे बदमाशों ने कुत्ते चुराए। मगर, आप इन्हें आम कुत्ते न समझिए। ये खास नस्ल के हैं और उनकी कीमत सुनकर आपके होश उड़ जाएंगे।
फ्लोरिडा में चोरों ने घर की खिड़की तोड़कर 19 फ्रेंच बुलडॉग चुरा लिए। इन कुत्तों की कीमत एक लाख डॉलर से ज्यादा यानी करीब 80 लाख रुपए बताई जा रही है। पोर्ट सेंट लुइस के पुलिस विभाग ने अपने फेसबुक पोस्ट में यह जानकारी दी है। फिलहाल पुलिस चोरों की तलाश कर रही है।

घर की खिड़की तोड़कर घुसे चोरों ने चुराए कुत्ते






पुलिस ने कहा कि चोरों ने बेडरूम से घुसपैठ की और कुत्तों को चुरा लिया। पुलिस ने एक फेसबुक पोस्ट में यह भी बताया कि चोरी शुक्रवार सुबह करीब 11.30 बजे हुई। उस वक्त घर में कोई नहीं था। पुलिस ने इस घर की तस्वीरें फेसबुक पर शेयर की गई हैं।
पुलिस ने पोस्ट में लिखा है कि एक घर में 19 बुलडॉग चोरी हो गए। आज सुबह 11:21 बजे हुई इस चोरी पर पीएसएलपीडी ने तुरंत प्रतिक्रिया दी। इनकी कीमत करीब 80 लाख रुपए है।
फ्रेंच बुलडॉग अमेरिका में दूसरी सबसे लोकप्रिय कुत्ते की नस्ल है। बताते चलें कि हाल के वर्षों में फ्रेंच बुलडॉग की चोरी की घटनाओं में इजाफा हुआ है। इनकी कीमत 1,500 से 4,500 अमेरिकी डॉलर के बीच होती है।






























