LONDON. आपने दुनिया भर में कई तरह के पौधों के बारे में देखा और सुना होगा। मगर, आज हम आपको जिस पौधे के बारे में बताने जा रहे हैं, उसके बारे में सुनकर आप हैरान हो जाएंगे. यह पौधा डंक मारता है, जिसका दर्द आपको महीनों तक हो सकता है। यहां तक कि इससे आपको सुसाइड करने के विचार भी आ सकते हैं। इसके बावजूद ब्रिटेन के 49 वर्षीय डेनियल एमलिन-जोन्स ने दुनिया का सबसे खतरनाक पौधा उगाया है।
द इंडिपेंडेंट की रिपोर्ट के मुताबिक, डेनियल ऑक्सफोर्ड के एक ऑनलाइन ट्यूटर हैं। उन्होंने ने अपने घर में जिम्पी-जिम्पी नाम का एक पौधा उगाया है। इसे उन्होंने एक पिंजरे में बंद करके रखा है, जिस पर ‘खतरा’ लिखा हुआ है। रिपोर्ट में आगे कहा गया है कि जिमपाई-जिम्पी को ‘ऑस्ट्रेलियाई स्टिंगिंग ट्री’ के नाम से भी जाना जाता है।

यह दुनिया के सबसे जहरीले पौधों में से एक माना जाता है। इस पौधे से डंक लगने के बाद इंसान को एसिड से जलने और करंट के झटके लगने जैसा अहसास एक साथ महसूस होता है। इसके बीज ऑस्ट्रेलिया में मिलते हैं, जिसके लिए आपको 60 डॉलर तक खर्च करने होंगे।

डेनियल ने ब्रिटिश अखबार मेट्रो को बताया कि, ‘मैंने सोचा कि इससे मेरी बागवानी में थोड़ा सा ड्रामा आएगा।’ डेनियल ने आगे कहा, ‘आप ऑनलाइन इसके बीज खरीद सकते हैं, लेकिन आपको सावधान रहना होगा कि यह एक निश्चित क्षेत्र से आगे न फैले।
इसलिए मैं इसे अपने सामने वाले कमरे में रखता हूं। मुझे अपने बीज ऑस्ट्रेलिया की एक कंपनी से मिले हैं। इसकी कीमत 60 ऑस्ट्रेलियाई डॉलर थी, इसलिए यह सस्ता नहीं था। उन्होंने आगे बताया कि यह पौधा शिकार को काटे जाने के बाद हफ्तों या महीनों तक दर्द दे सकता है। आप इसके दर्द की कल्पना भी नहीं कर सकते।





































