DURG. ट्विनसिटी दुर्ग और भिलाई में एक और स्पॉट डेवलप हो रहा है। जबरदस्त ढंग से आकार ले रहे स्पॉट में आइलैंड से लेकर शाम और सुबह तफरीह करने भारी सुविधाओं का विस्तार हो रहा है। ठगड़ाबांध को डेवलप किया जा रहा है। यहां आइलैंड से लेकर पाथवे सहित अन्य सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है। ठगड़ाबांध के डेवलप हो जाने से शहरवासियों को तफरीह करने एक और स्पॉट मिल जाएगा।
जानिएं क्या मिलेगी सुविधाएं
बीते दिनों महापौर धीरज बाकलीवाल और निगम आयुक्त लोकेश चंद्राकर ने बैठक लेकर संबंधित इंजीनियरों को प्रतिदिन कार्य का निरीक्षण करने व कार्य की गति बढ़ाने के निर्देश दिए। अधिकारियों से कहा गया कि ठगड़ाबांध का विकास कार्य निगम के लिए सर्वोच्च प्राथमिकता है।
शासन से मिल चुकी है स्वीकृति
दुर्ग नगर निगम के अंतर्गत आने वाले ठगड़ा बांध के संरक्षण, संवर्धन और विकास कार्य के लिए 16.27 करोड़ की योजना तैयार की गई थी। इसे विकसित करने शासन से पूर्व में स्वीकृति प्रदान की जा चुकी है।
यह हो रहा काम
ठगड़ाबांध में पूर्व प्राप्त अनुदान से आइलैंड, रिटेनिंग वॉल, गहरीकरण, एप्रोज ब्रिज, वॉकिंग ट्रैक के लिए बाउंड्री आदि कार्य पूर्ण किए जा चुके है। वर्तमान में शासन द्वारा नगर निगम में ब्याज मद की शेष राशि से 4.80 करोड़ और अधोसरंचना मद से 2.58 करोड़ व्यय की स्वीकृति प्रदान की गई है। इस प्रकार कुल 7.38 करोड़ राशि से शेष कार्य पूर्ण किया जाना प्रस्तावित है। इस राशि से रेल्वे साइट में चेनलिंक फेंसिंग कार्य, डेक एवं व्यू पॉइंट में पेवर ब्लॉक कार्य, पाथवे में पेवर ब्लॉक कार्य, बांध के चारों ओर पाथवे, लैंड स्केपिंग, विद्युतीकरण कार्य, आइलैंड का विकास, उद्यान का विकास, पौधरोपण, इनलेट पॉइंट में एप्रोच ब्रिज का निर्माण, आइलैंड तक एप्रोच ब्रिज का निर्माण कार्य, व्यवस्थित पार्किंग, प्रवेश द्वार एवं छत्तीसगढ़ महतारी की प्रतिमा स्थापना इत्यादि किया जाना है।

तीन महीने में होगा तैयार
निगम अधिकारियों की मानें तो डेवलपमेंट के इस कार्य को तीन महीने के भीतर पूरा करने के निर्देश दिए गए है। बैठक लेकर दुर्ग महापौर धीरज बाकलीवाल, कमिश्नर लोकेश चंद्राकर ने अधिकारियों को इसे तीन महीने में पूरा करने के निर्देश दिए गए है।
ठगड़ाबांध को ऐसे समझिए
दरअसल ठगड़ाबांध तो दुर्ग में स्थित है लेकिन यह भिलाई के अंतिम भाग हुडको से सटा हुआ है। इस लिहाज से बांध के डेवलपमेंट के बाद यहां प्रतिदिन दुर्ग और भिलाई से लोग बड़ी संख्या में घूमने आएंगे। दुर्ग और भिलाई की सीमा रेखा बनाने वाले रेलवे लाइन (दुर्ग-दल्लीराजहरा) पर ट्रैफिक कम करने बीते दिनों फ्लाई ओवरब्रिज बनाया गया था। फ्लाईओवर के एक तरफ ठगड़ाबांध का मनमोहन दृष्य लोगों को बेहद आकर्षित करता है।






































