BEMETRA. देशभर में लगातार बढ़ते दुष्कर्म की घटनाओं के बीच दिल को झकझोर देने वाला एक मामला छत्तीसगढ़ के बेमेतरा जिले से सामने आया है। एक नाबालिग लड़के ने पहले तो 10 वर्ष की मासूम बच्ची के साथ दुष्कर्म किया। उसके बाद हत्या करके लड़की की लाश को फंदे से लटका दिया। आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।

मामला छत्तीसगढ़ राज्य के बेमेतरा जिले अंतर्गत बेमेतरा थाना क्षेत्र का है। यहां 26 नवंबर की दोपहर करीब 12 से 01 बजे के बीच 10 वर्षीय लड़की अपने मामा की बेटी जो कि एक वर्ष की थी। उसके साथ घर में अकेली थी। परिवार के सभी सदस्य अपने-अपने किसी काम से बाहर गए हुए थे। हालांकि घर का दरवाजा अंदर से बंद था।

इसी दौरान गांव का एक नाबालिग बालक छत से कूदकर घर के अंदर आया और 10 वर्षीय लड़की के साथ दुष्कर्म करने की कोशिश करने लगा। बच्ची के शोर मचाने पर उसने उसका मुँह इतने तेजी से दबा दिया कि वह बेहोश हो गई। होश आने पर वह किसी को बता न दे, यह सोचकर उसने लड़की को घर के बरामदे में फंदे से लटका दिया। साथ ही बच्ची की शव के पास एक प्लास्टिक की कुर्सी भी रख दी, ताकि देखने पर लगे की बच्ची ने आत्महत्या की है।

घटना की सूचना पुलिस को मिलते ही वह मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। जिसमें बच्ची के प्राइवेट पार्ट्स के आस-पास चोट के निशान मिले। इसके बाद दुष्कर्म की पुष्टि के लिए सैंपल भेजा गया है। थाना प्रभारी ने बताया कि रिपोर्ट्स आने तक जांच जारी है। पुलिस ने शक के आधार पर आरोपी नाबालिग लड़के से पूछताछ की है। जिसमें आरोपी द्वारा स्वीकार किया गया की उसने कैसे इस घटना को अंजाम दिया है। इसके बाद पुलिस ने पूरे क्राइम सीन को रीक्रिएट किया जिसके बाद मामले का खुलासा हो सका है। आरोपी नाबालिग लड़के को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।





































