AMBIKAPUR. जिले के धौरपुर क्षेत्र में छह साल के बच्चे के अपहरण व हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। बच्चे के गायब होने के बाद परिजन उसकी तलाश कर रहे थे। इसी दौरान एक जगह जमीन पर ताजी मिट्टी दिखी तो उसे हटाने पर उस बच्चे का शव मिला। परिजनों ने रंजिश का बदला बच्चे पर निकालने का आरोप लगाया है। वहीं पुलिस ने एक संदेही को हिरासत में ले लिया है। देर शाम तक पुलिस द्वारा मामले का रहस्योद्घाटन करने के आसार हैं।
धौरपुर थाना क्षेत्र के ग्राम चंगौरी में रहने वाले किसान जयपाल का छह साल का बेटा अश्वनी शुक्रवार को स्कूल गया था। शाम को लौटने के बाद खेलने के लिए चला गया। लेकिन, देर शाम तक घर नहीं लौटा तो परिजन उसकी तलाश करने लगे। पर उसका कहीं पर भी पता नहीं चला। साथ खेलने वालों और स्कूल के उसके साथियों से पूछने पर भी किसी को कुछ पता नहीं था। परेशान होकर परिजन रातभर गांव समेत आसपास उसकी जानकारी जुटाते रहे। तब तक उन्हें अपहरण या हत्या जैसी घटना का अंदाजा भी नहीं था।

मृतक मासूम।
शनिवार को भी उसकी तलाश में जुटे रहे। इसी बीच उन्हें एक जगह ताजी मिट्टी दिखी, जिससे आशंका हुई कि इसे खोदा गया है। उन्होंने मिट्टी हटाई तो किसी बच्चे के पैर जैसा आभास हुआ। परिजन दहशत में आ गए। फौरन उन्होंने पुलिस को बुला लिया। मौके पर पहुंचे परिजनों ने मिट्टी को पूरी तरह से हटाया तो बालक अश्वनी का शव मिल गया। इससे पूरे गांव में सनसनी फैल गई।
वहीं परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था। किसी को समझ में नहीं आ रहा था कि आखिर इतने छोटे बच्चे से किसी को क्या दुश्मनी रही होगी जिसने न सिर्फ उसका अपहरण किया, बल्कि उसकी जान लेकर उसे जमीन में दफना दिया। बीच उसके पिता जयपाल ने पुलिस को कुछ लोगों से रंजिश रहने की जानकारी दी और आशंका जताई कि हो न हो उन्हीं लोगों ने उनका बदला उनके बच्चे से ली हो। इस आधार पर पुलिस ने एक संदेही को हिरासत में ले लिया।
स्वीकार लिया है अपराध
पुलिस सूत्रों से पता चला है कि परिजनों के बताए अनुसार जिस व्यक्ति को हिरासत में लिया गया है, उसने अपना गुनाह कबूल कर लिया है। ऐसे में उससे पूछताछ की जा रही है। शाम तक इस मामले का खुलासा पुलिस द्वारा किए जाने की बात कही जा रही है।






































