https://chat.whatsapp.com/FDGaUWPCPEP8Cio0bzx8L8
JASHPUR. जिले के दुलदुला थाना क्षेत्र से एक बड़ी घटना सामने आई है। यहां कुनकुरी स्टेट बैंक ब्रांच के मैनेजर समेत स्टाफ के लोग पिकनिक मनाकर लौटते समय हादसे का शिकार हो गए। दरअसल, उनकी तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर एक पेड़ से टकरा गई, जिससे ब्रांच मैनेजर और कैशियर की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
रविवार अवकाश के दिन कुनकुरी स्टेट बैंक शाखा के कर्मचारियों ने पिकनिक मनाने का फैसला किया था और इसी के तहत उन्होंने दिन में पिकनिक मनाया और लौटते तक रात हो गई। देर रात वे मेनरोड पर दुलदुला थाना क्षेत्र के चराईडांड़ गांव के पास पहुंचे थे। उनकी कार की रफ्तार काफी तेज थी। ऐसे में अचानक वहां चालक का नियंत्रण कार से हट गया और कार सीधे एक पेड़ से जा टकराई। हादसा इतना जबरदस्त था कि ब्रांच मैनेजर अनुरंजन मिंज व कैशियर सुमित कुमार की घटना स्थल पर ही मौत हो गई। जबकि कार पर सवार दो और कर्मचारियों को गंभीर चोट आई है। दोनों को इलाज के लिए कुनकुरी के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। इसके साथ ही मामले की जांच की जा रही है। प्रथम दृष्टया यही माना जा रहा है कि तत्कालिक परिस्थितियां कुछ भी बनी होंगी, लेकिन हादसे की असली वजह तेज रफ्तार ही होगी। क्योंकि यदि कार की रफ्तार धीमी रहती तो वाहन चालक समय रहते कार को नियंत्रित कर सकता था। इस तरह तेज रफ्तार ने फिर दो लोगों की जान ले ली है।
मालूम हो कि वाहनों की बढ़ती हुई रफ्तार से हादसों का आंकड़ा भी लगातार बढ़ता जा रहा है। वहीं कुनकुरी से जशपुर के बीच राष्ट्रीय राजमार्ग की इस सड़क का निर्माण कार्य पूरा होने के बाद से हल्के और भारी वाहनों की रफ्तार खासी बढ़ गई है, जिससे बीच— बीच में इस तरह के मामले सामने आ रहे हैं।






































