MUMBAI. दिवाली पर रिलीज हुई अक्षय कुमार और जैकलीन फर्नांडिस की फिल्म ‘राम सेतु’ को जबरदस्त शुरुआत मिली है। माना जा रहा था कि पहले दिन फिल्म की कमाई 10 से 12 करोड़ के बीच होगी। मगर, इसने बॉक्स ऑफिस पर शानदार कलेक्शन किया है।
ट्रेड एक्सपर्ट तरण आदर्श के अनुसार, फिल्म ने पहले ही दिन 15 करोड़ 25 लाख रुपए का बिजनेस किया है। फिल्म को मास पॉकेट्स में अच्छी शुरुआत मिली है, लेकिन मेट्रो सिटीज में एवरेज बिजनेस किया है। हालांकि, फिल्म बॉक्स ऑफिस पर आगे भी ऐसा प्रदर्शन कर पाएगी या नहीं, यह तो वक्त ही बताएगा।
फर्स्ट डे कलेक्शन के मामले में राम सेतु ने कई नए रिकॉर्ड बनाए हैं। राम सेतु का फर्स्ट डे कलेक्शन अक्षय कुमार की पिछली कई फिल्मों से ज्यादा रहा है। इसने बच्चन पांडे (12.20 करोड़), सप्राट पृथ्वीराज (10.65 करोड़) और रक्षा बंधन (8.05 करोड़) का ओपनिंग डे का रिकॉर्ड तोड़ा है।
ऐसी है कहानी
भगवान श्री राम ने तमिलनाडु और श्रीलंका के बीच राम सेतु का निर्माण किया था या यह प्रकृति का करिश्मा है। ‘राम सेतु’ की कहानी इसी के इर्द-गिर्द है। फिल्म में अक्षय कुमार ने आर्यन कुलश्रेष्ठ की भूमिका निभाई है, जबकि नुसरत भरूचा ने आर्यन की पत्नी गायत्री की भूमिका निभाई है। वहीं जैकलीन फर्नांडीज एक पर्यावरण वैज्ञानिक की भूमिका में हैं। फिल्म अफगानिस्तान में शुरू होती है, जहां अक्षय को भगवान बुद्ध की मूर्ति के अवशेषों के साथ कुछ ऐतिहासिक रत्न मिलते हैं।
ओपनिंग सीन में अक्षय कुमार पाकिस्तान और भारत के स्वैग को लेकर कुछ व्यंग्यात्मक कमेंट्स भी करते हैं। कहानी आगे बढ़ती है और मूल में आती है कि एक सेतु समुद्रम परियोजना के दो पहलू हैं। कुछ लोग इसे प्रगति के नाम पर तोड़ना चाहते हैं, तो कुछ इससे धार्मिक भावनाएं जुड़ी हैं। अक्षय को फिल्म में नास्तिक दिखाया गया है। हालांकि, वह तथ्यों से छेड़छाड़ नहीं करते हैं।
ऐसे में वह अपनी रिपोर्ट कोर्ट को सौंपते हैं, जहां वह रामायण को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणी भी करते हैं। इसकी वजह से उन्हें सस्पेंड करने के साथ-साथ उनके चेहरे पर कालिख पोती जाती है और उनके बच्चे को परेशान करने जैसी घटनाएं भी हो रही हैं। इसके बाद अक्षय को पुष्पक शिपिंग के इंद्रकांत (नासर) द्वारा सच पता लगाने के लिए कहा जाता है कि क्या राम सेतु मानव निर्मित है, या प्रकृति ने इसे बनाया है।
अब कहानी आगे बढ़ती है कि क्या राम सेतु का निर्माण भगवान श्री राम ने किया था या फिर यह प्रकृति की देन है। अक्षय को उनके सफर में एपी (सत्य देव) का साथ मिलता है और फिल्म में क्या होता है यह जानने के लिए आपको फिल्म देखनी होगी।





































