KORBA. जिले के बालका क्षेत्र के एक गांव में घर में चोर घुस आया। उसके हाथ में पिस्टल था, लेकिन घर में मौजूद गर्भवती महिला ने हिम्मत नहीं हारी और चोर से भिड़ी रही। इस दौरान अपने पेट पर लात भी खायी पर उसे पकड़वाने के बाद ही दम ली। हालांकि चोर के पकड़े जाने के बाद पता चला कि पिस्टल नकली है।
घटना बालको थाना क्षेत्र के ग्राम रूकबहरी की है। यहां रहने वाले पुरुषोत्तम लाल साहू गांव में ही किराने की दुकान चलाते हैं। बीते 17 अक्टूबर की रात वे दुकान को बंद कर खाना खाने के बाद अपने कमरे में सोने चले गए। देर रात करीब दो बजे अपने कमरे में मौजूद पुरुषोत्तम की बहू भूमिका साहू को महसूस हुआ कि कोई व्यक्ति उनकी कार रखने वाली जगह पर कूदकर आया है। तत्काल उसने फोन कर अपने ससुर को इस बात की जानकारी दी। पुरुषोत्तम तत्काल अपने कमरे से बाहर आया और आंगन में इधर- उधर तलाश करने लगा। तभी उसे अपनी बहू के चीखने की आवाज सुनाई दी। वह भागकर अपनी बहू के कमरे की ओर दौड़ा तो देखकर हैरान रह गया।
एक युवक जिसके हाथ में पिस्टल था वह भूमिका के गले को पकड़कर खड़ा था। साथ ही पिस्टल को उसके कनपटी के पास तानकर धमका रहा था। इन सबके बाद भी भूमिका डरने के बजाय खुद को छुड़ाने के लिए उससे संघर्ष कर रही थी। इस बीच चोर ने लात से उसके पेट पर भी वार किया ताकि वह शांत रहे, लेकिन भूमिका भी टस से मस नहीं हुई। इस बीच घर के और भी सदस्य आ गए थे। बहू की हिम्मत देखकर उन्होंने भी दौड़कर चोर को पकड़ लिया। इस बीच मोहल्ले के लोग भी मौके पर जमा हो गए थे। चोर पकड़ा गया था और वह कहीं और का नहीं बल्कि गांव का ही युवक सोमपाल केंवट निकला। इसके बाद मोहल्ले वासियों ने उसकी जमकर धुनाई की और उसकी पिस्टल छीनकर देखा तो पता चला कि वह नकली था।
सुबह पुलिस को पूरे मामले की सूचना दी तो टीम भी मौके पर पहुंच गई। उन्होंने चोर को कब्जे में लिया और परिवार विशेषकर भूमिका के साहस की तारीफ की। आरोपी चोर को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ धारा 323, 34, 458, 506 के तहत अपराध दर्ज कर लिया है।





































