TIRANDAJ DESK. पेट्रोल के दाम आसमान छू रहे हैं। ऐसे में इसके विकल्प को लेकर कई कंपनियां तरह-तरह के वाहन तैयार कर रही हैं। इसमें फ्लेक्स फ्यूल नया है। हाल ही में टोयोटा ने देश की पहली फ्लेक्स फ्यूल इंजन वाली कार पेश की है, जो काफी चर्चा में है। इस बीच दोपहिया वाहन कंपनी होंडा ने भी फ्लेक्स फ्यूल इंजन वाली पहली मोटरसाइकिल लॉन्च करने की योजना बनाई है। इथेनॉल की कीमत पेट्रोल के मुकाबले 30 से 40 रुपए कम है। लिहाजा, इस बाइक को चलाने पर आपको हर बार एक लीटर ईंधन डलवाने पर 40 रुपए तक बचेंगे।
परिवहन मंत्री नितिन गडकरी खुद चाहते हैं कि देश में ऐसे वाहनों की मांग और बढ़े। दो पहिया वाहनों की बात करें, तो Honda की यह बाइक देश में ऐसे ईंधन पर चलने वाली दूसरी मोटरसाइकिल होगी। इससे पहले फ्लेक्स फ्यूल इंजन पर चलने वाली Apache RTR 200 Fi E100 को TVS पहले से ही बाजार में उतार चुका है।
पेट्रोल और मेथेनॉल या एथेनॉल को मिलकर बनता है फ्लेक्स ईंधन
आप सोच रहे होंगे कि यह फ्लेक्स ईंधन क्या होता है। बताते चलें कि पेट्रोल और मेथनॉल या इथेनॉल को मिलाकर बनाया गया ईंधन फ्लेक्स ईंधन कहलाता है। इसमें थोड़ी मात्रा में पेट्रोल और बाकी मेथेनॉल या इथेनॉल होने की वजह से इसकी कीमत पेट्रोल से काफी कम होती है। साथ ही इस तरह के वाहन दोनों तरह के ईंधन से चलने में सक्षम होते हैं। होंडा पहले से ही ब्राजील के साथ-साथ अन्य देशों में फ्लेक्स फ्यूल मोटरसाइकिल बेचती हैं।
2024 के अंत तक आएगी बाइक
होंडा मोटरसाइकिल एंड स्कूटर्स इंडिया की सीईओ अत्सुशी ओगाटा ने दिल्ली में जैव ईंधन पर एक अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन के दौरान फ्लेक्स ईंधन मोटरसाइकिल की घोषणा की है। उन्होंने कहा, “फ्लेक्सी-फ्यूल मोटरसाइकिल का पहला मॉडल 2024 के अंत तक लॉन्च किया जाएगा।” हालांकि, उन्होंने यह नहीं बताया कि कंपनी किस मॉडल को ब्रांड की पहली फ्लेक्स-फ्यूल मोटरसाइकिल के रूप में लॉन्च करेगी।
गडकरी ने शुरू की फ्लेक्स फ्यूल पायलट योजना
केंद्रीय परिवहन मंत्री नितिन गडकरी ने 11 अक्टूबर को जापानी कार निर्माता टोयोटा के फ्लेक्स फ्यूल-स्ट्रॉन्ग हाइब्रिड इलेक्ट्रिक व्हीकल (FFV-SHEV) की पहली पायलट योजना शुरू की। इसके तहत आने वाली कार देश की पहली ऐसी कार है जिसे 100 परसेंट एथेनॉल पर चलाया जा सकता है। इस कार को पेट्रोल-डीजल के विकल्प के तौर पर देखा जा रहा है। यह कार प्रदूषण मुक्त है, जिसका पर्यावरण पर कोई बुरा प्रभाव नहीं पड़ेगा। टोयोटा ब्राजील ने फ्लेक्स फ्यूल स्ट्रॉन्ग हाइब्रिड इलेक्ट्रिक व्हीकल के लिए नई तकनीक पेश की।





































