RAIPUR. छत्तीसगढ़ में आज से खेलों का महाकुंभ आरंभ होने जा रहा है। महाकुंभ में प्रदेश भर के लोग पारंपरिक खेलों में प्रतिभाएं दिखाएंगे। चार महीने तक छत्तीसगढ़िया ओलंपिक का आयोजन किया जाएगा। इसमें एकल और मिश्रित (टीम इवेंट) वर्ग में टीमें हिस्सा लेगी।

स्वामी आत्मानंद की जयंती पर प्रदेश में छत्तीसगढ़िया ओलंपिक खेलों का महाकुंभ आरंभ होने जा रहा है। प्रदेश सरकार द्वारा घोषित की गई प्रतियोगिता में विभिन्न आयु वर्ग में प्रतिभागी व्यक्तिगत और सामूहिक प्रतिभा दिखाएंगे। इसमें क्लब लेवल से लेकर राज्य स्तर पर प्रतिभागी चरणबद्ध तरीके से हिस्सा लेंगे। छत्तीसगढ़िया ओलंपिक के अंतर्गत 14 खेल होंगे, जिसमें सभी 14 पारंपरिक खेल होंगे।

14 खेलों में होगी स्पर्धाएं
प्रतियोगिताएं सामूहिक और एकल वर्ग में होगी। सामूहिक वर्ग (टीम इवेंट) में कुल आठ खेल होंगे। इसमें गिल्ली डंडा, पिट्ठूल, संखली, लंगड़ी दौड़, कबड्डी, खो-खो, रस्साकशी और बांटी में टीमें हिस्सा लेगी। जबकि एकल वर्ग में कुल छह खेल आयोजित किए जाएंगे। इस वर्ग में बिल्लस, फुगडी, गेडी दौड़, सौ मीटर दौड़ और लॉग जंप को शामिल किया गया है।

चरणबद्ध तरीके से होगी स्पर्धा
स्पर्धा क्लब स्तर से लेकर राज्य लेवल तक आयोजित की जाएगी। विजेता टीमें या प्रतिभागी आगे की प्रतियोगिता में हिस्सा लेंगे। इसमें राजीव गांधी युवा मितान क्लब लेवल, जोन लेवल, ब्लॉक लेवल, डिस्ट्रिक्ट लेवल, डिविजन लेवल और फिर अंत में स्टेट लेवल पर भिड़ंत होगी।

विभिन्न आयु वर्ग में खिलाड़ी दिखाएंगे दम
इसमें खिलाड़ी कई आयु वर्ग में हिस्सा लेंगे। इसके अंतर्गत अंडर-18 आयु वर्ग तक एक ग्रुप रहेगा। दूसरे ग्रुप में 18 से 40 आयु वर्ग के खिलाड़ी हिस्सा लेंगे। जबकि तीसरे आयु वर्ग में 40 साल से अधिक उम्र के प्रतिभागी हिस्सा लेंगे।




































