BHILAI. शहर के शंकराचार्य अस्पताल में एक बड़ा हादसा होते-होते बचा। यहां के लेबर जनरल वार्ड में नवजात के बिस्तर के ऊपर फॉल्स सीलिंग का एक बड़ा हिस्सा भरभराकर गिर गया। गनीमत रही कि नवजात की नानी उसके ऊपर आ गई। इससे मलबा उसी पर आ गिरा। इससे नानी के सिर पर गंभीर चोट आई। नानी का केजुअल्टी वार्ड में उपचार किया गया। इतनी बड़ी लापरवाही के बाद भी अस्पताल प्रबंधन इसे सामान्य घटना बता रहा है।
मामला शुक्रवार रात का है। यहां हिना खातून को डिलीवरी के लिए उसकी मां सैयदा खातून समेत परिजनों ने भर्ती कराया था। रात में ही हिना ने एक बच्ची को जन्म दिया। इसके बाद नवजात और उसकी मां को जनरल वार्ड में भर्ती किया गया। अभी वे वार्ड में अपना सामान व्यवस्थित कर ही रहे थे कि अचानक फॉल्स सीलिंग का एक बड़ा हिस्सा टूटकर नीचे गिरने लगा। इस पर बच्ची की नानी सैयदा की नजर पड़ गई और दौड़कर बच्ची को खुद से ढंक लिया। इससे मलबा सीधे उनके सिर और पीठ पर आ गिरा।

मलबा में सीमेंट और रेत इनती मात्रा में थी कि सिर पर चोट लगी और खून भी आने लगा। इसके बाद परिजनों और वार्ड के अन्य लोगों में हड़कंप मच गया। सभी का यही कहना था कि एक बड़ी अनहोनी टल गई। यदि यह नवजात पर सीधे गिरता तो क्या होता। आनन-फानन में अस्पताल के नर्सिंग स्टाफ को इसकी जानकारी दी गई। उन्होंने आकर महिला का हाल जाना। इसके बाद उसे केजुअल्टी वार्ड ले जाया गया, जहां उसके सिर की पट्टी की गई।









































