SARANGARH. नवगठित सारंगढ-बिलाईगढ़ जिले की उधरा पंचायत के आश्रित ग्राम डुबरडीह में एक बड़ा हादसा हो गया। छह माह की गर्भवती महिला तार पर गीले कपड़े सुखाते हुए करंट की चपेट में आ गई। उसे तड़पते देखकर उसका पति बचाने को दौड़ा और खुद करंट की चपेट में आ गया। घटना में दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। जिस घर में कुछ ही दिनों में नए मेहमान के आने का स्वागत होना था वहां अब मातम पसर गया है।

घटना शुक्रवार की दोपहर की है। डुबरडीह में रहने वाली खुशबू पंकज छह माह की गर्भवती थी। वह घर के आंगन में गीले कपड़ों को तार में सुखाने के लिए आंगन में पहुंची। तार एक खंभे से बंधा हुआ था, जिसमें अचानक से करंट प्रवाहित होने लगा। इससे अनजान खुशबू ने जैसे ही कपड़ा डाला वैसे ही करंट की चपेट में आ गई। उसे छटपटाते देखकर उसका पति वीरेंद्र पंकज उसे बचाने के लिए दौड़ा लेकिन जल्दबाजी में उसने सुरक्षित तरीके से बचाने का कुछ नहीं सुझा और वह भी करंट की चपेट में आ गया।

दोनों की कुछ ही देर में तड़प- तड़पकर मौत हो गई। वहीं आंगन में बैठे वीरेंद्र के पिता देखते ही रह गए और कुछ नहीं कर पाए। एक ही घर में दो की मौत से पूरे गांव में मातम का माहौल बन गया। सभी का एक ही कहना था कि मौत भले ही दो लोगों की दिख रही है पर एक अजन्मा बच्चा भी पैदा होने से पहले ही चला गया। घर के अन्य सदस्यों के कुछ समझ में ही नहीं आ रहा है। वे सभी घर में जल्द ही नए मेहमान के आने की प्रतीक्षा में थे और अब कहां तीन जिंदगी ही छिन गई।





































