RAIPUR. सरकारी स्कूल में अव्यवस्था और लापरवाही का बड़ा मामला सामने आया है। राजधानी रायपुर जिले के आरंग ब्लॉक के एक शासकीय हाई स्कूल में तिमाही परीक्षा दे रहे नौवीं कक्षा के छात्र के ऊपर पंखा गिर गया। इससे वह बुरी तरह घायल हो गया। परिजनों ने उसे अस्पताल में भर्ती कराया है। इसके साथ ही उन्होंने स्कूल प्रबंधन और सरकार के खिलाफ आरोप लगाए हैं। वहीं बेहतर इलाज के लिए मदद की भी मांग की गई है।
घटना आरंग जनपद पंचायत के भानपुर स्थित शासकीय हाई स्कूल की है। यहां इन दिनों विभिन्न कक्षाओं की तिमाही परीक्षा चल रही है। इसी दौरान कक्षा नौवीं के क्लास रूम में परीक्षार्थी बैठकर परीक्षा दे रहे थे। तभी अचानक क्लास रूम में लगा पंखा नीचे आ गिरा। यह नीचे बैठे एक छात्र के ऊपर सीधे आकर गिरा, जिससे वह बुरी तरह घायल हो गया। छात्र के सिर और आंख के पास गंभीर चोट आई है। आनन- फानन में उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया।
वहीं अब परिजनों का कहना है कि उनके बच्चे को अस्पताल में भर्ती कराने के बाद स्कूल की ओर से एक भी शिक्षक ने आकर हाल नहीं जाना है। उन्हें तो कोई मतलब ही नहीं है, जबकि यह सीधे तौर पर स्कूल प्रबंधन की ही लापरवाही है, जिसका शिकार उनका बच्चा हुआ है। ऐसे में उन्हें गंभीरता दिखानी चाहिए। इसी तरह सरकार से भी छात्र के बेहतर इलाज के लिए मदद की मांग की गई है।
राजधानी के सरकारी स्कूल में परीक्षा दे रहा था नौवीं का छात्र, तभी ऊपर गिरा पंखा, परिजन ने स्कूल प्रबंधन और सरकार से की ये मांग स्कूल शिक्षा विभाग की ओर से स्कूलों में तमाम तरह की सुविधाएं तो दी गई हैं पर स्कूल प्रबंधन की ओर से उनका मेंटेनेंस करने में लापरवाही बरती जाती है। स्कूल में लगे पंखों की भी कुछ इसी तरह की स्थिति है। इस स्कूल में भी इसे लेकर लापरवाही बरती गई। इसके अलावा बच्चे के प्रति ध्यान नहीं देने पर भी तरह- तरह के सवाल उठाए जा रहे हैं, जो उनकी असंवदनशीलता को दर्शाता है।








































