JASPUR. गांजा तस्करी के बड़े मामले का जशपुर की कुनकुरी पुलिस ने भांडाफोड़ किया है। उत्तर प्रदेश के शातिर तस्कर ओड़िशा से गांजा तस्करी कर ले जा रहे थे। खासबात यह है कि तस्करी करने वाले लग्जरी वाहनों में गांजा लेकर निकल रहे थे। इस गाड़ियों में ग्राम प्रधान और मानवाधिकार आयोग का लेबल लगा हुआ था। यानी ग्राम प्रधान व मानवाधिकार आयोग के नाम के वाहनों से गांजा तस्करी की जा रही थी।

मिली जानकारी के अनुसार मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने तपकरा लवाकेरा के रास्ते कुनकुरी की ओर पहुंच रही टाटा नेक्सान और सेलेरियो को रोककर जांच की। पुलिस को सूचना मिली थी कि इन वाहनों में भारी मात्रा में गांजा स्मगल किया जा रहा है। कुनकुरी पुलिस जब दोनों वाहनों को रोकने का प्रयास किया तो वे भागने लगे थे। इस दौरान एक वाहन खंबे से टकराई थी। पुलिस ने कुछ दूरी पर दोनों वाहनों को रोककर जांच की तो इनमें भारी मात्रा में गांजा बरामद किया गया।

पुलिस को चकमा देने लगे थे नामी स्टीकर
पुलिस को चकमा देने के लिए गांजा तस्करों ने अपने वाहनों में ग्राम प्रधान, अंतरराष्ट्रीय मानवाधिकार कल्याण ट्रस्ट व आर्मी का भी स्टीकर लगा रखा था। इससे पुलिस को लगे की इन गाड़ियों में रसूकदार लोग बैठें हैं। इसके बाद पुलिस के पास पुख्ता जानकारी होने के कारण गांजा तस्कर बच नहीं पाए। पुलिस ने दोनों वाहनों से कुल 41 किलोग्राम गांजा जब्त किया।

गांजे के अलवा UP 25 DD 0934 टाटा नेक्सन कार एवं सेलेरियो वाहन क्रमांक UP 25 CA 9431 को भी जब्त किया गया। जब्त गांजे की कुल कीमत 4 लाख रुपए तथा वाहनों की कीमत 15 लाख इस प्रकार कुल 19 लाख रुपए का मशरुका जब्त किया गया। पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी उप निरीक्षक भास्कर शर्मा, आरक्षक तुलसी रात्रे, विनोद तिर्की, चन्द्रशेखर बंजारे, जितेंद्र गुप्ता, नन्दलाल यादव, नगरसैनिक अजय श्रीवास्तव की सराहनीय भूमिका रही।





































