RAIPUR. कोरोना काल से बंद हुई सिटी बसें आज फिर से राजधानी रायपुर की सड़कों पर दिखाई देंगी। लगभग ढाई साल से बंद सिटी बस आज फिर से सड़कों पर दौड़ेंगी। सिटी बस शुरू होने से हर दिन महंगा आटो भाड़ा देकर यात्रा करने वाले लोगों को राहत मिलेगी।
वहीं, रायपुर के नगर निगम ने महिलाओं को नवरात्रि के पहले दिन तोहफा दिया है। निगम ने आज महिलाओं को सिटी बस में मुफ्त सफर की सौगात दी है। आज महिलाएं सिटी बस से कहीं भी जाएं, उन्हें किराया नहीं देना होगा।

रिंग रोड पर नया बस स्टैंड शुरू होने से लोगों को स्टेशन से काफी दूर आटो से जाना पड़ता था। ऐसे में सबसे ज्यादा राहत स्टेशन से भाठागांव स्थित बस स्टैंड जाने वालों समेत खरोरा, भनपुरी और बिलासपुर रोड और रायपुर के बाहरी क्षेत्र से आने वालों को मिलेगी। पहले चरण में 67 में से 30 बसें शुरू की जाएंगी। इसके बाद टेंडर की समय सीमा के भीतर सभी बसें सड़कों पर उतार दी जाएंगी। बसों का रूट और भाड़ा शासन की ओर से तय किया गया है।

एयरपोर्ट से दुर्ग तक चलेंगी 6 बसें
शुरुआत में रेलवे स्टेशन से भाठागांव बस स्टैंड के लिए दो बस चलेंगी। रेलवे स्टेशन से कौशल्या माता मंदिर यानी मंदिर हसौद रूट पर 4 बस चलेंगी। उरला रूट पर बसें, खैरखूंट यानी भनपुरी-धरसीवां रूट पर 3 बसें चलेंगी। स्टेशन से भानसोज तक मंदिर हसौद, नवागांव होते हुए 2 बस चलेंगी। स्टेशन से सिलयारी 2 बसें चलेंगी, जबकि एयरपोर्ट से दुर्ग तक 6 बस चलेंगी। इनमें सबसे ज्यादा 7 बस खरोरा रूट पर चलेंगी।





































