KOLKATA. शनिवार को प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने कोलकाता के गार्डनरीच इलाके में बड़ी कार्रवाई की। यहां पर आमिर खान के ठिकाने पर प्रवर्तन निदेशालय ने छापा मारा है। आमिर खान के कोलकाता के गार्डनरीच इलाके स्थित घर पर पर ईडी की कार्रवाई के दौरान अब तक 17 करोड़ रुपए से ज्यादा कैश बरामद हुआ है। यहां पर ईडी ने नोट गिनने के लिए 8 मशीनें लगाई गई हैं। कैश की गिनती देर शाम तक जारी है।

बता दें शनिवार को ईडी की टीम ने कोलकाता में 6 जगहों पर रेड की है। सात सदस्यीय ईडी की टीम में दो महिला अधिकारी के अलावा दो बैंक अधिकारी भी शामिल हैं। यह पूरी कार्रवाई मोबाइल गेमिंग ऐप के जरिए लोगों के खातों से पैसे उड़ाने के मामले में की गई है। धोखाधड़ी का यह मामला दो साल पहले का बताया जा रहा है। गेमिंग एप के जरिए लोगों से करोड़ों रुपए की धोखाधड़ी की गई।

जाने क्या है मामला
कोलकाता के ट्रांसपोर्ट व्यापारी आमिर खान ने E-Nuggets नाम से एक मोबाइल गेमिंग एप्लिकेशन लॉन्च किया था। इस ऐप के जरिए शुरुआत में यूजर को कमीशन के साथ इनाम भी दिया जाता था। ऐसा ऑप्शन भी जिससे वॉलेट में शेष राशि को किसी भी समय निकाली जा सकती थी। यूजर्स को विश्वास में लेने के बाद ऐप के जरिए गेम करना शुरू कर दिया।

इस दौरान तरह तरह के स्कीम से लोगों से इन्वेस्ट कराया और ऐप में टेक्निकल फाल्ट दिखाकर यूजर्स के पैसे होल्ड करा दिए। बाद में प्रोफाइल की जानकारी समेत सभी डेटा को ऐप सर्वर से मिटा दिया गया। इसके बाद यूर्जर को धोखाधड़ी का अहसास हुआ। इस मामले में फेडरल बैंक के अधिकारियों द्वारा चीफ मेट्रोफोलिटन मजिस्ट्रेट कोर्ट में शिकायत की थी जिस पर पार्क स्ट्रीट पुलिस स्टेशन ने आईपीसी की धारा 420, 406, 409, 468, 469, 471, 34 के तहत पिछले साल 15 फरवरी को आमिर खान व अन्य के खिलाफ केस दर्ज किया था।






































