BHILAI. भिलाई इस्पात संयंत्र (बीएसपी) में काम करने वाले श्रमिक ने प्लांट क्षेत्र में फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली। पुलिस ने आत्महत्या का कारण अज्ञात बताया है। वहीं मामले में पुलिस द्वारा शव को उतारने व अन्य कार्यवाही करने में विलंब होने से अन्य कर्मी और श्रमिक नाराज रहे।

भट्टी थाना प्रभारी कृष्णकांत कुशवाहा ने बताया कि प्लांट में जनरल शिफ्ट में काम करने वाले एक श्रमिक ने फांसी लगा ली। उन्होंने बताया कि ठेका कर्मचारी मोहन लाल देवांगन पिता कन्हैया देवांगन 42 वर्ष ने की मौत हो गई। श्रमिक ने कोक ओवन बैटरी क्रमांक-8 क्षेत्र में फांसी लगा ली। घटना के बाद प्लांट में जैसी सूचना फैली वैसे ही कर्मचारियों में सनसनी फैल गई। मृतक ने अपने कपड़े को ही फंदा बनाया था। बताया जा रहा है कि मृतक जोरातराई का रहने वाला था फांसी लगने कि जानकारी भट्टी थाने को दे दी गई थी, लेकिन पुलिस के विलंब से पहुंचने पर अन्य कर्मी नाराज रहे। कर्मियों और श्रमिकों ने पुलिस पर कार्यवाही करने पर लेटलतीफी का आरोप लगाया।

फंदे पर लटकते मिली लाश
कर्मियों ने बताया कि घटना शुक्रवार सुबह आठ बजे की है, लेकिन फंदे से शव को उतारने में पुलिस ने पांच घंटे से अधिक वक्त लगा दिया। कर्मियों ने कहा कि घटनास्थल से दो किलोमीटर में ही भट्टी थाना है फिर भी पुलिस ने आने में विलंब कर दिया, जिससे कर्मी नाराज रहे। वहां उपस्थित कर्मचारी व श्रमिक बड़ी संख्या में जुटे रहे। घटना के बाद प्लांट की सुरक्षा में तैनात सीआईएसएफ के जवानो ने उक्त स्थल को सील कर दिया। ट्रेड यूनियन के पदाधिकारियों ने बताया कि पुलिस को जानकारी देने के बाद भी भट्टी पुलिस समय पर नहीं पहुंची जिसके कारण काफी देर तक शव लटकती रही।





































