RAIPUR. विधानसभा चुनाव की तैयारी में जुटी भाजपा न केवल संगठन में फेरबदल कर रही है, बल्कि अब गैर दलों से आने वालों के लिए भी द्वार खोल दिए हैं। छत्तीसगढ़ बनने के तीन साल बाद 15 साल सत्ता में रही भाजपा अब वापस सत्ता में आने की तैयारी कर रही है। मंगलवार को प्रदेश भाजपा कार्यालय कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में कांग्रेस और जेसीसीजे के 5 नेताओं को भाजपा प्रवेश करवाया गया।
मंगलवार को रायपुर में कई नेता भाजपा में शामिल हुए हैं। इसमें बसना के पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष संपत अग्रवाल, बालोद में कांग्रेस के पूर्व जिला अध्यक्ष अभिषेक शुक्ला, सारंगढ़ से बीएसपी की पूर्व विधायक कामता जोलहे, रायगढ़ के पूर्व विधायक विजय अग्रवाल, जेसीसीजे के मनेंद्रगढ़ से प्रत्याशी रहे लखनलाल श्रीवास्तव के नाम शामिल हैं।

इन सभी ने प्रदेश भाजपा के सह प्रभारी नितिन नबीन के सामने भाजपा में प्रवेश किया है। इस दौरान अध्यक्ष अरुण साव, पूर्व सीएम रमन सिंह, नेता प्रतिपक्ष नारायण चंदेल भी मौजूद रहे। ये नेता अपने समर्थकों के साथ कुशाभाऊ ठाकरे परिसर पहुंचे थे।
इस दौरान प्रदेश सह प्रभारी नितिन नबीन ने अपने संबोधन में कहा कि हमारी नीति, सिद्धांत, नीयत, स्पष्ट है। हम राष्ट्र को प्रथम रख कर काम करते है। नेता प्रतिपक्ष नारायण चंदेल ने कहा है कि तीन पुराने साथी हैं, जिनकी घर वापसी हुई है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस डूबता जहाज है और उसमें कोई नहीं रहना चाहता। पार्टी आने वाले विस चुनाव में पूरी ताकत से लड़ सकेगी।

प्रदेश भाजपा कार्यालय कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में आज संपन्न हुई नवनियुक्त प्रदेश पदाधिकारियों की बैठक में इन नेताओं को भाजपा प्रवेश कराया गया। छत्तीसगढ़ भाजपा लगभग चुनाव के मोड में आ चुकी है और बाकी लोगों के लिए भाजपा में पुनः प्रवेश का मार्ग उन्होंने प्रशस्त कर दिया है अभी कई पार्टियों के लोग और भाजपा के बागी लोग भविष्य में भाजपा प्रवेश कर सकते हैं।





































