JANJGIR. जिले के कलेक्टर तारन प्रकाश सिन्हा ने सोमवार को जब समय-सीमा की बैठक ली तो वे अलग ही अवतार में नजर आए। उन्होंने विभिन्न विभागों के प्रमुख अफसरों से सीधे शब्दों में कहा कि कार्यालय में निर्धारित समय में सभी अफसरों और कर्मचारियों की उपस्थिति जरूरी है। जब कार्यालय प्रमुख ही गैरजिम्मेदार होंगे तो बाकी कर्मचारी तो इसमें लापरवाही करेंगे ही। अब लेटलतीफी का मामला सामने आया तो संबंधित विभाग के उच्चाधिकारियों से सीधे शिकायत कर सख्त कार्रवाई की जाएगी। वहीं जिले में चल रहे गिरदावरी के काम को लेकर कहा कि इसमें लापरवाही हुई तो पटवारी और तहसीलदार सीधे जिम्मेदार होंगे। तब सख्त से सख्त एक्शन लिया जाएगा। अवैध प्लाटिंग को लेकर हुई चर्चा में भी उनकी तल्खी साफ झलक रही थी।

बैठक में कलेक्टर ने कहा कि लगातार समय पर उपस्थिति के लिए कहा जा रहा है। इसके बाद भी कुछ अधिकारी-कर्मचारियों पर इसका असर नहीं हो रहा है। जब जिला स्तर के अधिकारी ही खुद अपने कार्यालय में समय पर उपस्थित नहीं हो रहे हैं तो बाकी अधीनस्थ तो लापरवाही करेंगे ही। कलेक्टर ने सख्त चेतावनी दी कि समय पर उपस्थिति को लेकर जांच लगातार जारी रहेगी। इस बीच लापरवाही पाए जाने पर वेतन काटने के साथ विभागीय कार्रवाई से आप बच नहीं पाएंगे। उच्च स्तर पर कार्रवाई के लिए आपके विभाग को भी जानकारी दूंगा। समय अभी भी है, इसलिए सुधार लाइए। इस दौरान उन्होंने कार्यालय आने वाले आम नागरिकों से भी शालीनता से पेश आने की बात कही और किसी से दुर्व्यवहार की शिकायत आने पर सख्त कार्रवाई की बात कही। बैठक में राजीव युवा मितान क्लब, हाट-बाजार क्लीनिक, वृक्षारोपण प्रोत्साहन योजना, मुख्यमंत्री सुपोषण योजना, धन्वन्तरी योजना, आयुष्मान भारत योजना समेत अन्य विभागीय योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन पर जोर दिया और उनकी प्रगति को लेकर जानकारी ली।

जांजगीर और शिवरीनारायण में रोकें अवैध प्लाटिंग
जिले के जांजगीर और शिवरीनारायण में इन दिनों भूमाफिया सक्रिय हैं जो सरकारी और दूसरों की निजी जमीन पर कब्जा कर अवैध प्लाटिंग कर रहे हैं। इसमें राजस्व विभाग के अफसरों की भी मिलीभगत की शिकायतें मिलती रही हैं। कलेक्टर ने इस पर भी सख्ती दिखाते हुए कहा कि सभी एसडीएम और तहसीलदार को अवैध प्लाटिंग करने वालों के खिलाफ अभियान चलाकर कड़ी कार्रवाई करें। विशेषकर जांजगीर और शिवरीनारायण क्षेत्र में खास जोर देने को कहा।
गिरदावरी में अपनाएं पारदर्शिता
कलेक्टर ने गिरदावरी के कार्यों में पारदर्शिता के साथ काम करने को कहा। उन्होंने इस कार्य में किसी भी तरह की लापरवाही सामने आने पर इसके लिए तहसीलदार और पटवारी के जिम्मेदार होने की बात कही। ऐसे में उनके खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
इन पर भी की समीक्षा
बैठक में कलेक्टर सिन्हा ने सर्व सुविधायुक्त एम्बुलेंस सेवा, सभी विभागों को सी मार्ट से ही सामग्री क्रय करने, जाति प्रमाण पत्र, राशनकार्ड बनाने के कार्यों में तेजी लाने जैसी बात कहते हुए अन्य योजनाओं व चल रहे कार्यों की विस्तार से समीक्षा की।


































