BHILAI. भिलाई के सेक्टर-1 में गुरुवार देर रात हुए हादसे के बाद झूलों पर गाज गिर गई है। सेक्टर-1 गणेश पंडाल के साथ ही सेक्टर-2 व सेक्टर-10 में भी झूले बंद कर दिए गए हैं। इस दौरान कुछ छोटे झूले चलते रहे वहीं खतरे वाले सारे झूले बंद कर दिए गए हैं। बताया जा रहा है कि गणेश उत्सव समितियों द्वारा एहितायतन यह कदम उठाया गया है।

बता दें गुरुवार देर रात सेक्टर-1 गणेश पंडाल के मेले में हादसा हो गया। यहां के ब्रेक डांस झूले से एक युवक गिर गया। रायपुर तेलीबंधा निवासी विनय तोलानी अपने दोस्तों के साथ पहुंचा था। वह ब्रेक डांस झूले पर चढ़ा। जैसे ही झूला शुरू हुआ वह लॉक खोलकर खड़ा हो गया इससे वह गिर गया। इस हादसे में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। युवक को बीएम शाह हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया जहां उसका इलाज चल रहा है।

इधर घटना के बाद शुक्रवार को दिन भर इस घटना की चर्चा रही। इधर इस मामले में पुलिस ने भी सख्ती दिखाने की बात कही थी। वहीं जिला प्रशासन ने भी घटना की जांच के आदेश दिए हैं। इधर इस घटना के बाद पूजा पंडालों में मेले स्टॉल व अन्य गतिविधियां तो चालू दिखीं लेकिन झूले बंद कर दिए गए। शुक्रवार को लोगों को केवल गणपति के दर्शन करने पड़े। झूले बंद रहने ने मायूसी दिखी।

आखिरी दिन का मजा हुआ किरकिरा
बता दें गणेशोत्सव का आज 10वां दिन है। शनिवार को अधिकतर गणेशोत्सव समितियों द्वारा विसर्जज कर दिया जाएगा। इस लिहाज से आखिरी दिन लोगों के घूमने का मजा किरकिरा हो गया। हालांकि झूला लगाने वालों को नुकसान उठाना पड़ा है। हादसे के बाद सुरक्षा के नाम पर तथा आखिरी दिन किसी प्रकार की अनहोनी न हो इसे देखते हुए यह निर्णय लिया गया।






































