RAIPUR. गणेशोत्सव के बाद रविवार को राजधानी रायपुर में झांकियां निकाली जाएंगी। सालों से चली आ रही परंपरा के अनुसार आज शहर की प्रमुख गणेशोत्सव समितियों द्वारा झांकियां निकाली जाएंगी। इसके कारण राजधानी रायपुर में रविवार को आवाजाही के लिए लोगों को परेशानी हो सकती है। क्योंकि झांकियों के लिए जिला पुलिस प्रशासन ने करीब 8 मुख्य सड़कों को शाम 6 बजे से बंद करने का निर्णय लिया है।

बता दें राजधानी में दो साल बाद आज झांकियां निकल रही हैं। कोरोना के कारण बीते दो वर्षों से भगवान गणेश की झांकियां नहीं निकाली गई थी। एक तरह से लोगों का दो साल का इंतजार पूरा हो रहा है। इसमें 55 से ज्यादा झांकियां शामिल हो रही हैं। झांकियों की शुरुआत शारदा चौक से होगी। यहां से जयस्तंभ चौक, मालवीय रोड, सदरबाजार, कंकालीपारा, पुरानी बस्ती, लाखेनगर होते हुए महादेव घाट पहुंचेगी।

शहर की 8 सड़कों का रखा जाएगा बंद
झांकियों के कारण शहर की महत्वपूर्ण 8 सड़कों को बंद कर दिया जाएगा। यह सड़के शाम 6 बजे बंद कर दी जाएंगी। वहीं झांकियों के को देखते हुए सुरक्षा के भी कड़े इंतजाम किए गए हैं। पुलिस विभाग के सभी प्रमुख अफसरों के साथ 600 से अधिक अफसरों की ड्यूटी लगाई गई है। झांकी निकलने वाले सभी प्रमुख सड़कों पर सुरक्षा व्यवस्था की तगड़ी व्यवस्था की गई है। इस दौरान राजधनी में ढाई हजार से ज्यादा की फोर्स रहेगी।

यही नहीं भारी वाहनों के लिए रात भर नो एंट्री रहेगी। रविवार रात से सोमवार सुबह तक भारी वाहन शहर में तथा झांकी वाले रास्तों में प्रवेश नहीं कर पाएंगे। बिलासपुर से आने वाली गाड़ियों भनपुरी से रिंग रोड-2 टाटीबंध की ओर, धनेली से विधानसभा बायपास, पचपेड़ी नाका से टाटीबंध और तेलीबांधा की ओर, मंदिर हसौद टोल प्लाजा से रिंग रोड-3 विधानसभा की ओर डायवर्ट किया जाएगा।

ये रास्ते शाम 7 बजे से रहेंगे बंद
– शास्त्री चौक से जयस्तंभ चौक
– आमापारा चौक से जयस्तंभ
– तेलघानी नाका से राठौर चौक
– गुरुनानक चौक से एमजी रोड
– मौदहापारा थाना से जयस्तंभ चौक
– जयस्तंभ से कोतवाली चौक
– बिजली चौक से कोतवाली चौक
– कोतवाली से कंकालीपारा
इन रास्तों में डायवर्ट किया जाएगा ट्रैफिक
– आमापारा से अग्रसेन चौक की ओर
– आमापारा से लाखेनगर की ओर
– शास्त्री चौक से कचहरी चौक की ओर
– शास्त्री चौक से मोतीबाग की ओर
– बिजली चौक से बूढ़ातालाब की ओर
– बिजली चौक से निगम मुख्यालय की ओर
– रामसागरपारा से अग्रसेन चौक की ओर





































