तीरंदाज, भिलाई। भिलाई के कृष्णा पब्लिक स्कूल में चल रहे दस दिवसीय सांस्कृतिक कार्यक्रम ‘प्रज्ञोत्सव’ का शनिवार को समापन हो गया। कार्यक्रम में देश भर से आए कलाकारों ने अपनी प्रस्तुतियां दीं। कार्यक्रम में नृत्य, संगीत आदि क्षेत्रों के माहिर कलाकारों ने हिस्सा लिया। कृष्णा पब्लिक स्कूल की नेहरू नगर भिलाई शाखा में इस राष्ट्रीय स्तर के कार्यक्रम का आयोजन किया गया था।

प्रज्ञोत्सव के विजेता।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि भिलाई नगर विधायक देवेंद्र यादव ने जीवन में चुनौतियों को सफलता का मार्ग बताया। उन्होंने कहा कि आज की युवा पीढ़ी अत्यंत ऊर्जावान है। यदि वे शिक्षकों व पालकों के अनुभवों को आधार बनाकर प्रयास करें तो लक्ष्य को अवश्य प्राप्त करेंगे। उन्होंने प्राचार्या सहित समस्त कृष्णा पब्लिक स्कूल टीम को इस सफल आयोजन के लिए बधाई दी और कहा कि यही छात्र अपनी उत्कृष्ट कला का प्रदर्शन कर विश्व में भारत का नाम रौशन करेंगे।

विद्यालय के वाइस चेयरमैन आनंद त्रिपाठी और डायरेक्टर आलोक त्रिपाठी ने कार्यक्रम को सफलता के साथ पूर्ण करने के लिए विद्यालय के समस्त स्टाफ, प्राचार्य और उनकी पूरी टीम को बधाई दी।

प्रज्ञोत्सव के समापन पर पूजन करते विधायक देवेंद्र यादव व अन्य।
इन्हें किया गया कृष्णा अवार्ड से सम्मानित
कार्यक्रम में बेस्ट परफॉरमेंस देने वाले प्रतिभागियों को कृष्णा अवार्ड से सम्मानित किया गया। एकल नृत्य में पलक उपाध्याय, इंस्ट्रूमेन्टल में क्षितिज चतुर्वेदी तथा ग्रुप डांस में सेवाश्रम कुटेलाभाटा तथा नीरज पब्लिक स्कूल को यह सम्मान दिया गया। विजेताओं को प्रदान किए गए पुरस्कार के सह प्रायोजक श्री शैलेश बुद्धदेव थे।

इन्हें भी किया गया सम्मानित
कार्यक्रम में विशेष रूप से म्यूजिक वोकल में श्रीजा दलाल, आभास झा, श्रेय गोलछा, सबर हुसैन, अकुल हलदार, वेदांता सिंग, श्रेयाश्री शिखर, फरिश्ता पीटर। इंस्ट्रूमेन्टल सोलो में अक्षत पांडे व तिथि। बैंड ग्रुप में इमरोज एंड ग्रुप, शकुंतला लाइफ बैंड। कत्थक में सानवी अग्रवाल, शारखी सिंग परिहार, माया लखेडिया को सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम का उद्देश्य कलाकारों को मंच प्रदान करना
विद्यालय की प्राचार्या सविता त्रिपाठी ने कहा कि कार्यक्रम का उद्देश्य ही कलाकारों को अपनी उत्कृष्ट कला को प्रस्तुत करने के लिए मंच प्रदान करना है। उम्मीद है कि उन्हें अपने लक्ष्य तक पहुँचाने में यह आयोजन सहायक सिद्ध होगा।




































