तीरंदाज, दुर्ग। कोविड संक्रमण के कारण बंद हुई सिटी बसें एक बार फिर सड़कों पर दिखेंगी। सोमवार को परिवहन मंत्री मोहम्मद अकबर ने कलेक्टोरेट सभागार में यातायात विभाग के अधिकारी, यूनियन ट्रांसपोर्ट के सदस्य व अन्य संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक लेकर इस संबंध में निर्देश दिया। बैठक में सिटीबस संचालन को लेकर विस्तार पूर्वक चर्चा की गई।


बैठक में तय किया गया कि शहरी क्षेत्र में 70 सिटी बसों को चलाया जाएगा। इसके लिए टेंडर निकाला गया और रिलायंस टूर एंड ट्रेव्हल्स को नगरीय क्षेत्रों के विभिन्न रूटों बस चलाने के लिए मिला है। सिटी बस संचालन के लिए दुर्ग भिलाई में 21 रूट निर्धारित किए गए लेकिन बस ट्रांसपोर्टरों से राय के बाद 17 रूट पर बस संचालन तय किया गया। सिटी बसों का स्टार्टिंग प्वाइंट रेलवे स्टेशन दुर्ग तय किया गया है।

बैठक के दौरान परिवहन मंत्री मोहम्मद अकबर ने कहा कि बेहतर शहरी नियोजन के लिए कुशल सार्वजनिक परिवहन की आवश्यकता होती है, जिसे कि हम सिटी बस को पुनः चालु कर पुरा करना चाहते हैं। शहरी अर्थव्यवस्था और श्रम बाजार के लिए सार्वजनिक परिवहन अत्यंत महत्वपूर्ण है। राज्य शासन सिटी बस के माध्यम से पब्लिक ट्रांसपोर्ट को बढ़ावा देना चाहता है।

उन्होंने कहा कि सिटी बस संचालन से इंधन खपत और वायु प्रदुषण के नाकारात्मक प्रभावों को कम से कम किया जा सके। इससे जिले के नागरिकों को भी प्रमुख स्थलों में एक स्थान से दूसरे स्थान तक जाने के लिए एक बेहतर विकल्प उचित किराए के साथ प्राप्त होगा। बैठक में कलेक्टर पुष्पेंद्र कुमार मीणा, एसपी डॉक्टर अभिषेक पल्लव, अपर कलेक्टर अरविंद एक्का, प्रकाश कुमार सर्वे आयुक्त नगर निगम, लोकेश चंद्राकर आयुक्त नगर निगम भिलाई, आशीष देवांगन आयुक्त नगर निगम रिसाली, कीर्तिमान सिह राठौर आयुक्त नगर निगम भिलाई चरोदा आदि उपस्थित रहे।





































